महिला वन कर्मियों को किया गया समानित

Mar 8, 2025 - 22:58
 0  17
महिला वन कर्मियों को किया गया समानित

हिन्द भास्कर 

लखनऊ।

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर इंदिरा गाँधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में आयोजित महिला ग्रीन वारियर्स सशक्तीकरण समारोह के मुख्य अतिथि डॉ0 अरूण कुमार सक्सेना राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) वन, पर्यावरण एवं जन्तु उद्यान, जलवायु परिवर्तन, उत्तर प्रदेश एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने फोटो गैलरी का अवलोकन, महिला वनकर्मियों द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों के चित्र संग्रह व वीडियो का अनावरण तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले वन कर्मियों को सम्मान चिन्ह प्रदान किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि डॉ अरुण कुमार सक्सेना ने विभाग में कार्यरत महिला अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा वन प्रबन्ध में दिये जा रहे उत्कृष्ट योगदान तथा विभाग द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रथम बार कार्यक्रम आयोजित करने हेतु बधाई दी। मंत्री ने रहमानखेड़ा में भटक कर आये बाघ को रेस्क्यू करने का उल्लेख करते हुए विभाग की भूरि-भूरि प्रशंसा की। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में पारदर्शी ढंग से ईमानदारी पूर्वक आपकी नियुक्तियां हुई है। उन्होंने समस्त वनकर्मियों विशेषकर नवनियुक्त कर्मियों से वरिष्ठ अधिकारियों से मार्गदर्शन प्राप्त कर नियुक्तियों के परिप्रेक्ष्य में विभागीय कार्यों की दक्षता व निष्ठा पूर्वक कार्य करने का आह्वान किया। श्री सक्सेना ने महिलाओं की कार्यस्थल व घर में निर्वहन की जा रही भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्कृष्ट कार्य कर वर्दी का सम्मान रखना आपकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री द्वारा महिला कल्याण की दिशा में किए जा रहे कार्यो व प्रदेश की कानून व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि समस्त वन कर्मी विशेष रूप से महिला वन कर्मी निर्भिकता पूर्वक राजकीय कार्यों का संपादन करे। 

 सुनील चौधरी प्रधान मुख्य वन संरक्षक और विभागाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश ने महिला दिवस की पृष्ठभूमि व इतिहास पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए इस दिवस के महत्व तथा गौरा देवी के कार्यों का उल्लेख करते हुए वन प्रबंधन व वन संरक्षण में महिला कर्मियों के कार्य व भूमिका से अवगत कराया। इस अवसर पर चौधरी ने कहा कि वर्तमान में वन विभाग उत्तर प्रदेश में 14 आई एफ एस महिला अधिकारी, 18 पी एफ एस महिला अधिकारी, 37 महिला रेंज अधिकारी, 125 महिला वनदरोगा तथा 232 महिला वनरक्षक तैनात है। इनके द्वारा वन्य जीव संरक्षण का कार्य, वृक्षारोपण कार्य, वन अग्नि सुरक्षा एवं जंगलों में रात्रि गश्त करने जैसी कई चुनौती पूर्ण कार्य किए जा रहे है।

इस अवसर पर ए नीरजा शास्त्री, सचिव राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग भारत सरकार में भारतीय वन सेवा में चयन तथा प्रदेश व भारत सरकार में कार्य करने के अनुभवों व विगत वर्षों में समाज की धारणा व परिदृश्य में आए परिवर्तन का उल्लेख करते हुए कहा कि वन विभाग में महिलाओं की भागीदारी में वृद्धि हुई है। शास़्त्री ने आयोजन की सराहना करते हुए विभाग में महिलाओं की बढ़ती संख्या पर प्रसन्नता व्यक्त की।

इस अवसर पर ममता संजीव दूबे, सेवा निवृत्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक और विभागाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश ने हमारे देश में वैदिक काल, इतिहास आधुनिक युग का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रत्येक काल में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है तथा हमारी परंपरा व संस्कृति महिला सशक्तिकरण का उदाहरण है। श्रीमती दुबे ने कहा कि महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में बढ़ चढ़कर प्रतिभाग कर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं।

प्रदेश की प्रथम महिला प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्यजीव एवं मुख्य वन जीव प्रतिपालक अनुराधा वैमुरी ने समस्त अभ्यागतों का स्वागत करते हुए विभाग द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ग्रीन वारियर्स सशक्तीकरण समारोह के आयोजन की पृष्ठभूमि एवं महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

मुख्य अतिथि, अति विशिष्ट अतिथि गणमान्य अतिथियों ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली 19 महिला अधिकारियों/कर्मचारियों दिव्या मिश्रा, क्षेत्रीय वन अधिकारी, प्रीति पांडे, क्षेत्रीय वन अधिकारी, दिव्या कुमारी, वन रक्षक, अंकिता किशोर, क्षेत्रीय वन अधिकारी, खुशबू उपाध्याय, क्षेत्रीय वन अधिकारी, रितु कसौधन, वनरक्षक, योगिता कौशल, वनविद्, सोनी सिंह, वनविद्, अर्चना मौर्या, वन दरोगा, ज्योति यादव, क्षेत्रीय वन अधिकारी, डिम्पल शर्मा, वन दरोगा, अनामिका सिंह, क्षेत्रीय वन अधिकारी, अपर्णा, वन रक्षक, सुश्री स्नेहलता सिंह, क्षेत्रीय वन अधिकारी, अर्पिता यादव, वन रक्षक, प्रिया अवस्थी, वन रक्षक, सुश्री श्रद्धा त्रिपाठी, क्षेत्रीय वनाधिकारी, राजेश्वरी वन रक्षक, ऋचा वर्मा, वन रक्षक को सम्मानित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्य वन संरक्षक नीति विश्लेषण एवं समन्वय श्रीमती अदिति शर्मा ने समस्त को धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस अवसर पर महिला ग्रीन वारियर्स सशक्तीकरण समारोह में प्रभागीय वनाधिकारी, उप प्रभागीय वनाधिकारी व क्षेत्रीय वनाधिकारी स्तर की महिला अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा किये। 

समारोह के दूसरे भाग में फिक्की फ्लो द्वारा तीन तकनीकी सत्र आयोजित किए गए जिसमें सर्वप्रथम फिक्की फ्लो की मोटिवेशनल स्पीकर पूजा सिकेरा ने नेतृत्व एवं संचार कौशल के बारे में उपस्थित वनकर्मियों को बताया। दूसरे तकनीकी क्षेत्र में वरिष्ठ अधिवक्ता श्रुति दीक्षित द्वारा नारी अधिकार जागरूकता पर विधिक जानकारी दी गई। समारोह के अंतिम तकनीकी सत्र में रेड ब्रिगेड की पूजा विश्वकर्मा ने महिला वनकर्मियों को आत्मरक्षा की बारीकियों से अवगत कराया। 

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि व अति विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति आयोजित महिला ग्रीन वारियर्स सशक्तीकरण समारोह में सुशांत शर्मा, सचिव, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, उत्तर प्रदेश शासन, दीपक कुमार, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक, योजना एवं कृषि वानिकी,राम कुमार अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक, परियोजना, ए0पी0 सिन्हा, मुख्य वन संरक्षक, पूर्वी क्षेत्र वन्य जीव, पी0 पी0 सिंह, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक, प्रचार-प्रसार, शीतांशु पाण्डेय, प्रभागीय वनाधिकारी अवध वन प्रभाग एवं वन एव वन्य जीव विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तथा फिक्की फ्लो के विभा अग्रवाल, अध्यक्ष, स्वाती वर्मा, पूर्व अध्यक्ष, वनदिता अग्रवाल, उपाध्यक्ष, मानसी डिडवानी, सदस्य, निवेदिता सदस्य सहित प्रदेश से आयी समस्त महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow