विकसित कृषि संकल्प अभियान 2025 के द्वारा 50 लाख किसानों को जोड़ेगी योगी सरकार
विकसित कृषि संकल्प अभियान 2025 के द्वारा 50 लाख किसानों को जोड़ेगी योगी सरकार

लखनऊ(हिन्द भास्कर):- कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने जनपद बहराइच के कृषि विज्ञान केन्द्र, नानपारा में आयोजित कृषक वैज्ञानिक संवाद में कृषकों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर किसानों के साथ बागवानी, पौध संरक्षण, धान की सीधी बुवाई, मृदा परीक्षण के लाभ एवं कम लागत, संतुलित मात्रा में उर्वरक का प्रयोग, औद्योगिक फसलें, चारा उत्पादन, पशुजनित रोगों की रोकथाम, औद्यानिक खेती, फसल बीमा आदि पर चर्चा की गई।
साथ ही कृषकों से उनकी कृषि में आने वाली समस्याओं पर भी संवाद/चर्चा की गई एवं इसके निवारण के लिए आश्वस्त किया गया। विकसित कृषि संकल्प अभियान 2025 के तहत 30 मई 2025 को प्रदेश के 75 जनपदों में 675 स्थलों पर कृषक वैज्ञानिक संवाद आयोजित किए गए जिसमें 146765 कृषकों ने प्रतिभाग किया। विकसित कृषि संकल्प अभियान 2025 को प्रभावी एवं विस्तारपूर्वक संचालन के लिए आगामी दिवसों के कार्यक्रम निर्धारित करते हुए कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही के द्वारा जनपद गोरखपुर के सरदारनगर विकासखण्ड के ग्राम आमकौल में एवं ग्रामसभा बंजरिया जनपद देवरिया में विकसित कृषि संकल्प अभियान 2025 के कृषक वैज्ञानिक संवाद में प्रतिभाग कर वैज्ञानिकों एवं कृषकों को प्रोत्साहित किये जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
इसी प्रकार राज्यमंत्री कृषि, बलदेव सिंह औलख के द्वारा ग्रामसभा पदपुरी विकासखण्ड विलासपुर जनपद रामपुर में कार्यक्रम में प्रतिभाग कर कृषकों को प्रोत्साहित करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। विकसित कृषि संकल्प अभियान 2025 के कुशल संचालन के लिए कृषि निदेशक के द्वारा प्रदेश के 38 अधिकारियों को प्रत्येक अधिकारी को 2-2 जनपदों में दिनांक-31 मई व 01, 07 एवं 08 जून को नामित किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि नामित जनपद में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग कर अभियान को सफल बनाने के लिए सहयोग प्रदान करेंगे एवं कार्यक्रम की समाप्ति के पश्चात संबंधित वैज्ञानिकों द्वारा कृषकों के लिए सुझाए गए संस्तुति भी प्रस्तुत करेंगेl
उल्लेखनीय है कि देश के सभी राज्यों में 1.5 करोड़ किसानों को जोड़ने के लक्ष्य के मुहिम के सापेक्ष उत्तर प्रदेश में 75 जनपदों में 10125 कार्यक्रम के माध्यम से 50 लाख किसानों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है जिसका शुभारम्भ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा 29 मई 2025 को लोकभवन स्थित कार्यक्रम के द्वारा शुभारम्भ किया गया। विकसित कृषि संकल्प अभियान के जरिए लैब टू लैंड को साकार करने, कृषि संबंधित वैज्ञानिकों/अधिकारियों के द्वारा नवीन शोध/नवीन प्रजाति/ तकनीक एवं किसानों के लिए संचालित योजनाओं को उनके बीच अवगत कराने का कार्यक्रम है।
यह कार्यक्रम 29 मई 2025 से शुरू होकर 12 जून 2025 तक प्रदेश के सभी जनपदों में एवं प्रत्येक जनपद में प्रत्येक दिवस 03 टीमों के माध्यम से 09 कार्यक्रम चलाए जायेंगे। इस प्रकार प्रदेश में कुल 10125 कृषक वैज्ञानिक संवाद आयोजित किए जायेंगे।
What's Your Reaction?






