उत्तर प्रदेश ने जापान से सेमीकंडक्टर और शिक्षा क्षेत्र में बढ़ाया सहयोग
उत्तर प्रदेश ने जापान से सेमीकंडक्टर और शिक्षा क्षेत्र में बढ़ाया सहयोग

टोक्यो इलेक्ट्रॉन ने उत्तर प्रदेश में ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) स्थापित करने में दिखाई रुचि
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- ओसाका/लखनऊ। उच्च तकनीकी निर्माण और शिक्षा के क्षेत्र में भारत-जापान सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से, उत्तर प्रदेश सरकार के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने टोक्यो और ओसाका,जापान में कई महत्वपूर्ण बैठके की।
इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व वित्त मंत्री सुरेश खन्ना और अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग के प्रमुख सचिव आलोक कुमार ने किया। इस अवसर पर टोक्यो स्थित भारतीय दूतावास में आर्थिक वाणिज्य मंत्री श्रीमती देवयानी चक्रवर्ती, मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के सचिव अमित सिंह, विशेष सचिव विपिन कुमार जैन उपस्थित रहे।
टोक्यो इलेक्ट्रॉन लिमिटेड (TEL) के साथ सेमीकंडक्टर सहयोग पर चर्चा
टोक्यो में आयोजित एक विशेष बैठक में, यूपी प्रतिनिधिमंडल ने सेमीकंडक्टर निर्माण उपकरणों की प्रमुख निर्माता कंपनी टोक्यो इलेक्ट्रॉन लिमिटेड (टीईएल) के कॉर्पोरेट ऑफिसर एवं एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट (ग्लोबल सेल्स डिवीजन और इंडिया बिजनेस) ताकेशी ओकुबो और उनकी वरिष्ठ टीम के साथ चर्चा की।
बैठक में नोएडा क्षेत्र में तेजी से विकसित हो रहे सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम, विनिर्माण, कौशल विकास और उत्तर प्रदेश में ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (वैश्विक क्षमता केंद्रों-जीसीसी) स्थापित करने की संभावनाओं पर विचार किया। टीईएल नेतृत्व ने उत्तर प्रदेश के कुशल कार्यबल व प्रतिभाशाली मानव संसाधन, मजबूत बुनियादी ढांचे और निवेश अनुकूल नीतियों की सराहना करते हुए राज्य को जी.सी.सी के लिए उपयुक्त स्थान बताया।
ओसाका प्रीफेक्चुरल असेंबली के साथ हुआ रणनीतिक संवाद
अपने राजनयिक संपर्कों को आगे बढ़ाते हुए, उत्तर प्रदेश प्रतिनिधिमंडल ने ओसाका प्रीफेक्चुरल असेंबली का दौरा किया और उपाध्यक्ष किडा काओरू तथा अध्यक्ष किन्जो कात्सुनोरी के साथ सकारात्मक बैठक की। इस दौरान दोनों पक्षों ने क्षमता निर्माण, युवाओं के कौशल उन्नयन और तकनीकी आदान-प्रदान पर विचार साझा किए।
साथ ही, व्यापारिक साझेदारी को और गहरा करने और यूपी-जापान के सांस्कृतिक संबंधों को मजबूती देने की प्रतिबद्धता जताई गई। ये चर्चाएँ उत्तर प्रदेश और जापान के बीच तकनीकी एवं ज्ञान-आधारित साझेदारी को नई दिशा देने के साथ राज्य को वैश्विक निवेश गंतव्य के रूप में सुदृढ़ करती हैं।
विश्व एक्सपो 2025 में पुर्तगाल विश्वविद्यालय के साथ शैक्षणिक सहयोग
विश्व एक्सपो 2025, ओसाका में, पुर्तगाल के गुआर्डा विश्वविद्यालय (पॉलीटेक्निक इंस्टीट्यूट) ने भारतीय संस्थानों के साथ छात्र आदान-प्रदान, संयुक्त शोध और फैकल्टी सहयोग को लेकर रुचि व्यक्त की। उत्तर प्रदेश पेवेलियन के भ्रमण के दौरान, प्रतिनिधिमंडल के वरिष्ठ सदस्य राकेश शर्मा ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) और डॉ0 सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी के साथ सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की और इन्वेस्ट यूपी के माध्यम से इस सहयोग को प्रोत्साहित करने का आश्वासन दिया।
What's Your Reaction?






