अयोध्या में विभिन्न परियोजनाओं के लिए 225 लाख रुपए की मंजूरी:- जयवीर सिंह
अयोध्या में विभिन्न परियोजनाओं के लिए 225 लाख रुपए की मंजूरी:- जयवीर सिंह

लखनऊ(हिन्द भास्कर):- अयोध्या में विकास परियोजनाओं को तेजी से अमलीजामा पहनाया जा रहा है। राम मंदिर निर्माण के साथ-साथ शहर के समग्र विकास को केंद्र में रखकर एक के बाद एक परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं। पर्यटन विभाग द्वारा रामनगरी में विभिन्न परियोजनाओं के लिए 225 लाख रुपए की धनराशि स्वीकृत की गई है। इन योजनाओं का उद्देश्य अयोध्या को विश्व स्तरीय धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करना है।
यह जानकारी उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि राम मंदिर निर्माण के बाद धार्मिक नगरी अयोध्या श्रद्धालुओं और पर्यटकों की पहली पसंद बनकर उभरा है। अयोध्या में देश-विदेश से श्रद्धालुओं और पर्यटकों का निरंतर आगमन हो रहा है। इसके चलते न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिला है, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था, रोजगार और बुनियादी ढांचे में भी उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है। पर्यटन मंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार और पर्यटन विभाग के प्रयासों का प्रतिफल नजर आ रहा है।
राज्य धार्मिक पर्यटन में अव्वल है। अयोध्या में वर्ष 2025 की पहली तिमाही में श्रद्धालुओं का रिकॉर्ड आगमन देखने को मिला। मौजूदा वर्ष में जनवरी से मार्च के बीच 20.36 करोड़ से अधिक श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे। महाकुंभ- 2025 की वजह से वर्ष के शुरुआत में ही पर्यटकों का अविश्वसनीय आगमन देखने को मिला। अनुमान है कि वर्ष के अंत तक अयोध्या में कुल 45 से 50 करोड़ श्रद्धालुओं का आगमन हो सकता है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023 में अयोध्या आने वाले पर्यटकों की संख्या 05.76 करोड़ थी, जो 2024 में बढ़कर 16.44 करोड़ तक पहुंच गई थी। अयोध्या के प्रति आगंतुकों का बढ़ता रुझान प्रदेश के अन्य धार्मिक स्थलों में इसे विशिष्टता प्रदान करता है। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि अयोध्या न केवल श्रद्धा और आस्था का केंद्र है, बल्कि एक विश्व स्तरीय धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन स्थल के रूप में तेजी से उभर रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में रामनगरी में विकास की अनेक योजनाएं साकार हो रही हैं। राम मंदिर निर्माण के बाद श्रद्धालुओं और पर्यटकों का लगातार बढ़ता आगमन इस परिवर्तन का प्रमाण है। विभाग द्वारा पर्यटन, बुनियादी ढांचे, सौंदर्यीकरण और रोजगार सृजन से जुड़ी योजनाओं को गति दी जा रही है।
What's Your Reaction?






