विद्युत विभाग की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी: ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा का सख्त रुख
विद्युत विभाग की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी: ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा का सख्त रुख
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- लखनऊ स्थित संगम सभागार में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर कड़ा असंतोष जताया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऊर्जा विभाग में लापरवाही, ढिलाई और जवाबदेही से बचने की प्रवृत्ति किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। जनता की समस्याओं की अनदेखी करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
बैठक में मंत्री ने ट्रांसफार्मर बदलने में हो रही अनावश्यक देरी पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि खराब ट्रांसफार्मर के कारण उपभोक्ताओं को लंबे समय तक बिजली संकट झेलना पड़ रहा है। उन्होंने ट्रांसफार्मर बदलने और मरम्मत की व्यवस्था को समयबद्ध बनाने के साथ ही वर्कशॉप में बढ़ रही पेंडेंसी को तुरंत कम करने के निर्देश दिए। विद्युत दुर्घटनाओं पर कड़ी नाराजगी जताते हुए मंत्री शर्मा ने कहा कि निचले स्तर के अधिकारी न तो क्षेत्र का नियमित निरीक्षण कर रहे हैं और न ही घटनाओं का समय पर संज्ञान ले रहे हैं।
उन्होंने डायरेक्टर टेक्निकल को निर्देश दिए कि जब तक सभी कर्मी सुरक्षा उपकरण न पहनें, तब तक किसी भी स्थिति में शटडाउन न दिया जाए। सुरक्षा मानकों से कोई समझौता नहीं होगा। मंत्री शर्मा ने लोड वृद्धि, बिलिंग और ट्रांसफार्मर मरम्मत की लंबित स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि को लाइन लॉस से न जोड़ा जाए। जहां जरूरत हो वहां क्षमता वृद्धि तत्काल की जाए। ईमानदार उपभोक्ताओं को बकायेदारों की वजह से परेशानी नहीं होनी चाहिए।
बलिया में विद्युत दुर्घटना में हुई जनहानि पर दुःख जताते हुए उन्होंने प्रत्येक दुर्घटना की गंभीर जांच और जिम्मेदारों की जवाबदेही तय करने के आदेश दिए। आगामी सावन मास और कांवड़ यात्रा को लेकर उन्होंने सभी डिस्कॉम के एमडी को तैयारियां समय से पूरी करने को कहा। अधिकारियों को कांवड़ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण, पोलों पर रैपिंग और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि विद्युत तारों के नीचे कोई शिविर या पंडाल न लगे।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान विद्युत संबंधी एक भी दुर्घटना नहीं होनी चाहिए। बैठक में अपर मुख्य सचिव/निदेशक आशीष गोयल, यूपीपीसीएल के एमडी नीतीश कुमार सहित सभी डिस्कॉम के एमडी वर्चुअल रूप से उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
