अयोध्या से जनकपुर धाम तक सीधी ट्रेन शुरू, PM मोदी और नेपाल PM बालेंद्र शाह ने दिखाई हरी झंडी
PM मोदी और नेपाल PM बालेंद्र शाह ने अयोध्या-जनकपुर के बीच साप्ताहिक ट्रेन सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। 604 किमी का सफर 19 घंटे में पूरा होगा। रामायण सर्किट को बढ़ावा मिलेगा।
अयोध्या(हिन्द भास्कर):- भारत और नेपाल के सदियों पुराने धार्मिक और सांस्कृतिक रिश्ते को एक नई गति मिली है। भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या और माता सीता की जन्मभूमि जनकपुर धाम के बीच अब सीधा रेल संपर्क शुरू हो गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए नई साप्ताहिक ट्रेन ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दिल्ली से हुए इस संयुक्त उद्घाटन के दौरान अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे।
604 किमी का सफर, 19 घंटे में पूरा होगा
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह ट्रेन करीब 604 किलोमीटर की दूरी लगभग 19 घंटे में तय करेगी। सबसे बड़ी राहत ये है कि श्रद्धालुओं को अब बीच में ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। ट्रेन का नाम दो पवित्र नदियों के नाम पर रखा गया है — अयोध्या की सरयू और जनकपुर की कमला।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह सिर्फ दो शहरों का जुड़ाव नहीं, बल्कि भगवान राम और माता जानकी की साझा विरासत का जुड़ाव है। इससे रामायण सर्किट के तहत धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ यूपी, बिहार और नेपाल के सीमावर्ती इलाकों में व्यापार और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
सरयू-कमला एक्सप्रेस रेलसेवा भारत और नेपाल की मैत्री, सांस्कृतिक विरासत तथा आपसी सहयोग का एक महत्वपूर्ण प्रतीक है।
What's Your Reaction?
