अयोध्या में रेत से बना विश्व का सबसे बड़ा राम दरबार, 220 टन रेत, 58 फीट लंबी कलाकृति ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
अयोध्या दीपोत्सव 2026 में 220 टन रेत से 58 फीट लंबा राम दरबार बना, जो बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ। सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने सात दिन में तैयार किया।
अयोध्या(हिन्द भास्कर):- अयोध्या में दीपोत्सव-2026 ने इस बार एक नया इतिहास रच दिया है। सरयू के राम की पैड़ी के किनारे रेत से भगवान राम का एक ऐसा दरबार सजा है, जिसे देखने के लिए हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है और अब यह विश्व रिकॉर्ड में भी दर्ज हो गया है। अंतरराष्ट्रीय सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने सरयू नदी की 220 टन रेत से 58 फीट लंबा और 20 फीट ऊंचा विशाल राम दरबार एवं राम मंदिर की कलाकृति तैयार की है।
इस भव्य कलाकृति का निर्माण 30 अक्टूबर से शुरू हुआ था और लगातार सात दिनों की कड़ी मेहनत के बाद 7 नवंबर को इसे पूरा किया गया। इस अद्भुत कृति को बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराया है, जिसका डिजिटल प्रमाणपत्र भी जारी हो चुका है। बताया जा रहा है कि गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है।
दीपोत्सव के दौरान उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी ने स्वयं इस कलाकृति का अवलोकन किया। उपराष्ट्रपति ने कलाकार की पीठ थपथपाते हुए 'वेल डन' कहा और उनकी कला की सराहना की। खास बात यह है कि यह कलाकार मधुरेंद्र कुमार की पहली और विश्व की सबसे लंबी रेत निर्मित राम दरबार कलाकृति है।
बिहार के पूर्वी चंपारण के रहने वाले मधुरेंद्र 25 से अधिक देशों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और इससे पहले 12 से अधिक विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं। उनकी इस कला ने अयोध्या के दीपोत्सव को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिला दी है। इस कलाकृति को देखने के लिए अयोध्या से हिन्द भास्कर के लिए अमिताभ चौबे की रिपोर्ट।
What's Your Reaction?
