हमारे पर्वों के पीछे छिपा है राष्ट्रीय एकता का संदेश : क्षेत्र प्रचारक अनिल जी
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, लखनऊ महानगर का दीपावली मिलन समारोह सीएमएस, गोमती नगर विस्तार में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र प्रचारक अनिल जी ने पर्वों को राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बताया, वहीं मुख्य अतिथि उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने अयोध्या दीपोत्सव को वैश्विक पहचान बताया। समारोह में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक सहित 1300 लोग शामिल हुए।
अयोध्या दीपोत्सव की चमक आज पूरी दुनिया में फैल रही है : उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा - लखनऊ में RSS का भव्य दीपावली मिलन
लखनऊ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, लखनऊ महानगर का दीपावली मिलन कार्यक्रम आज सीएमएस, गोमती नगर विस्तार परिसर में हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अंडमान-निकोबार के उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा तथा मुख्य वक्ता क्षेत्र प्रचारक अनिल जी रहे। इस अवसर पर मलूकपीठाधीश्वर पूज्य संत राजेंद्र दास जी का वीडियो शुभकामना संदेश भी प्राप्त हुआ।
मुख्य वक्ता क्षेत्र प्रचारक अनिल जी ने कहा कि हमारे पर्वों ने ही विभिन्न संघर्षों के बावजूद हमारे इतिहास को बचाए रखा है। जिन विधर्मियों ने हमारी सांस्कृतिक एकता को तोड़ने का प्रयास किया, वे आज स्वयं पीड़ित हो रहे हैं। इन पर्वों के पीछे समाज और देश की एकता का संदेश छिपा है। उन्होंने कहा कि अपने पर्व व परम्परा को जीवित रखकर अगली पीढ़ी को सौंपना हमारा परम दायित्व है।
मुख्य अतिथि डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि दीपावली के पंच दिवसीय पर्व में प्रत्येक दिन का अपना महत्व है। अयोध्या में दीपावली पर होने वाले दीपोत्सव की चमक अब पूरी दुनिया में फैल रही है। भारत का एकता, समन्वय और पुरुषार्थ का संदेश भी विश्वभर में पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि दीपावली मिलन राष्ट्र के एकीकरण के संकल्प का पर्व है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अखिल भारतीय सह गौ-संवर्धन संयोजक नवल किशोर जी ने कहा कि समाज परिवर्तन के लिए हमें स्वदेशी, स्वभाषा और स्वभूषा पर पुनः ध्यान देना होगा।
इस दौरान दुर्गा देवी पर नृत्य-नाटिका तथा गायन-वादन की विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं। कार्यक्रम में लगभग 1,300 लोगों की उपस्थिति रही।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, प्रांत प्रचारक कौशल किशोर, ऊर्जा मंत्री एके शर्मा, मंत्री असीम अरुण, दयाशंकर सिंह, विधायक नीरज वोरा, महिला आयोग उपाध्यक्ष अपर्णा यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
