सीतापुर जंक्शन पर 26 लाख की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, बेंगलुरु ले जाकर बेचने की थी तैयारी
सीतापुर जंक्शन पर RPF-GRP की संयुक्त कार्रवाई में लखीमपुर का तस्कर बिट्टू सिंह 130 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार, अंतरराष्ट्रीय कीमत 26 लाख रुपये।
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में नशे के सौदागरों के खिलाफ चल रहे अभियान में रेलवे सुरक्षा बल को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है।
अपराध आसूचना शाखा (CIB) लखनऊ जंक्शन, RPF पोस्ट सीतापुर और जीआरपी सीतापुर की संयुक्त टीम ने रविवार को सीतापुर जंक्शन से एक शातिर हेरोइन तस्कर को गिरफ्तार किया है।
कैसे पकड़ा गया तस्कर
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार CIB लखनऊ के इंस्पेक्टर रणजीत यादव को 18 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लखीमपुर की तरफ से एक व्यक्ति भारी मात्रा में हेरोइन लेकर दक्षिण भारत जाने वाला है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए RPF पोस्ट सीतापुर और GRP सीतापुर के साथ जॉइंट टीम बनाई गई। 19 अक्टूबर को टीम ने सीतापुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 01 पर निर्माणाधीन फुटओवर ब्रिज के पास घेराबंदी की।
मुखबिर के इशारे पर एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। पूछताछ में वह घबरा गया, जिसके बाद उसकी तलाशी ली गई।
बैग में कपड़ों के बीच छिपा रखी थी हेरोइन
तलाशी के दौरान उसके पिट्ठू बैग से तीन पारदर्शी पाउच बरामद हुए। पाउच में कुल 130 ग्राम अवैध हेरोइन रखी थी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 26 लाख रुपये है।
इसके अलावा उसके पास से एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन और 3,625 रुपये नकद भी मिला है। पकड़े गए आरोपी की पहचान बिट्टू सिंह (उम्र 30 वर्ष) पुत्र प्रेम सिंह, निवासी ग्राम इन्द्र नगर, थाना तिकुनिया, जिला लखीमपुर खीरी के रूप में हुई है।
भोपाल के रास्ते बेंगलुरु ले जा रहा था खेप
वही जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो आरोपी ने बताया कि वह यह खेप लखीमपुर से लेकर सीतापुर आया था।
यहां से ट्रेन संख्या 12108 के जरिए भोपाल होते हुए यशवंतपुर, बेंगलुरु जा रहा था। वहां ऊंचे दामों पर हेरोइन बेचने की उसकी योजना थी।
NDPS एक्ट में केस दर्ज
पूरी कार्रवाई RPF के सहायक सुरक्षा आयुक्त योगेश यादव की मौजूदगी में NDPS एक्ट की धारा 50 के तहत की गई। साथ ही BNSS की धारा 105 के तहत कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
बरामदगी के आधार पर GRP थाना सीतापुर में अपराध संख्या 18/2026 धारा 8/21(बी) NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।
इन टीमों ने की कार्रवाई
इस सफल ऑपरेशन में CIB लखनऊ से इंस्पेक्टर रणजीत यादव, SI प्रशांत सिंह यादव, कॉन्स्टेबल अविनाश पासवान, RPF पोस्ट सीतापुर से पोस्ट कमांडर इंस्पेक्टर सुरेश कुमार, हेड कॉन्स्टेबल सर्वेश कुमार सिंह, कॉन्स्टेबल आलोक पाण्डेय, प्रदीप कुमार शर्मा, GRP सीतापुर से हेड कॉन्स्टेबल राकेश खरवार, राहुल सिंह के अलावा SSB तृतीय वाहिनी लखीमपुर की इंटेलिजेंस टीम, RPF क्राइम सेल लखनऊ और GRP सर्विलांस टीम लखनऊ का विशेष सहयोग रहा।
रेलवे अधिकारियों ने हिन्द भास्कर से बताया कि रेल मार्ग से नशे की तस्करी रोकने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
What's Your Reaction?
