बाल विवाह मुक्त गोरखपुर के निर्माण में हर व्यक्ति निभाए अपनी जिम्मेदारी : मीनाक्षी सिन्हा
गोरखपुर में अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस की पूर्व संध्या पर विकास भवन में जिला स्तरीय समन्वय कार्यशाला आयोजित हुई। विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव मीनाक्षी सिन्हा ने कहा कि बाल विवाह रोकना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। बाद में टाउनहॉल में बालिकाओं ने मोमबत्तियां जलाकर बाल विवाह उन्मूलन का संकल्प लिया।
गोरखपुर।
बाल विवाह केवल एक सामाजिक कुरीति नहीं, बल्कि बच्चों के बचपन, शिक्षा, स्वास्थ्य और उनके सुनहरे भविष्य पर कुठाराघात है। इसे समाप्त करने के लिए कानून के साथ सामाजिक जागरूकता और सामूहिक सहभागिता बेहद जरूरी है।
यह बातें गुरुवार को मानव सेवा संस्थान सेवा की ओर से 27 नवंबर को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस की पूर्व संध्या पर विकास भवन सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समन्वय कार्यशाला में मुख्य अतिथि विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती मीनाक्षी सिन्हा ने कहीं।
उन्होंने कहा कि बाल विवाह रोकना केवल प्रशासन या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इसके विरुद्ध आगे आना होगा। बाल विवाह की जानकारी मिलने पर चुप रहने के बजाय तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करना चाहिए। उन्होंने बाल अधिकारों की रक्षा के लिए कानूनी प्रावधानों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अभिनव कुमार मिश्र ने कहा कि बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण के लिए विभागीय समन्वय और जमीनी स्तर पर निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। गांवों में आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, पंचायत प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के माध्यम से जागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाया जाना चाहिए। बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के अवसर देकर ही बाल विवाह जैसी कुरीति पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।
आशा एफएम 89.6 के निदेशक नवीन पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि बाल विवाह के खिलाफ लड़ाई में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। रेडियो और सोशल मीडिया समाज की सोच बदलने तथा जनमानस तक प्रभावशाली संदेश पहुंचाने के सशक्त माध्यम हैं। रेडियो के जरिए गांव-गांव तक जागरूकता का संदेश पहुंचाया जा सकता है। बाल विवाह मुक्त भारत का सपना तभी साकार होगा, जब हर परिवार अपनी बेटियों को बोझ नहीं, बल्कि उनके सपनों को पूरा करने का अवसर समझेगा।
महिला उद्यमी श्रीमती संगीता पाण्डेय ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता बाल विवाह रोकने का महत्वपूर्ण माध्यम है। बेटियों को शिक्षा के साथ रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी मिलने चाहिए। आत्मनिर्भर बेटी ही अपने भविष्य के फैसले स्वयं लेने में सक्षम बनती है।
महिला थाना की थानाध्यक्ष दीपशिखा ने कहा कि बाल विवाह कानूनन अपराध है। इसके आयोजन, सहयोग और प्रोत्साहन से जुड़े लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। किसी भी बाल विवाह की जानकारी मिलने पर पुलिस को तत्काल सूचित करना चाहिए। बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा पुलिस की प्राथमिकता है।
जिला प्रोबेशन कार्यालय की संरक्षण अधिकारी संगीता सिंह ने कहा कि बालिकाओं के संरक्षण और पुनर्वास के लिए शासन की ओर से विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। जरूरतमंद बच्चों को इन योजनाओं से जोड़ना आवश्यक है। बाल विवाह की रोकथाम के लिए विभागीय स्तर पर सतत निगरानी और जनसहयोग जरूरी है।
खुशी चंद, एवीए (नीति आयोग) ने सामाजिक विकास और बाल अधिकारों के संदर्भ में अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि बाल विवाह मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए शिक्षा, जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करना होगा। बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना भी जरूरी है।
वन स्टॉप सेंटर कौड़ीराम की प्रबंधक समीक्षा सिंह ने कहा कि संकट की स्थिति में महिलाओं और बालिकाओं को सहायता एवं संरक्षण उपलब्ध कराने में वन स्टॉप सेंटर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। बाल विवाह से प्रभावित बालिकाओं को समय पर सहायता और उचित परामर्श मिलना चाहिए।
एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग थाना प्रभारी कमलेश कुमार सिंह ने बाल विवाह और मानव तस्करी के बीच संभावित संबंधों पर प्रकाश डालते हुए बच्चों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की अपील की। श्रम विभाग के विजय कुमार गुप्ता ने बाल श्रम और बाल विवाह जैसी सामाजिक समस्याओं के उन्मूलन के लिए जनसहभागिता को आवश्यक बताया। चाइल्डलाइन की जिला समन्वयक कुमुद मिश्रा ने बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण और संकटग्रस्त बच्चों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जानकारी दी। जिला बाल संरक्षण इकाई के प्रतिनिधियों ने भी बाल अधिकारों और संरक्षण से जुड़े प्रयासों पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम का संचालन मानव सेवा संस्थान सेवा के कार्यक्रम प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह ने किया। उन्होंने कार्यशाला के उद्देश्य और बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि संस्थान की ओर से गोरखपुर जनपद के कैंपियरगंज, भरोहिया, जंगल कौड़िया, ब्रह्मपुर एवं बांसगांव ब्लॉकों की 300 ग्राम पंचायतों में बाल विवाह की रोकथाम और जनजागरूकता के लिए विभिन्न प्रयास किए जा रहे हैं।
गांधी प्रतिमा के समक्ष बालिकाओं ने जलाई मोमबत्तियां, लिया संकल्प
कार्यशाला के उपरांत सायंकाल टाउनहॉल स्थित गांधी प्रतिमा के समक्ष बाल विवाह उन्मूलन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां बालिकाओं ने मोमबत्तियां प्रज्वलित कर बाल विवाह के अंधकार को मिटाने और प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित बचपन देने का संदेश दिया। उन्होंने बाल विवाह के विरुद्ध शपथ ग्रहण कर इस सामाजिक कुरीति को समाप्त करने का संकल्प लिया। विभिन्न जागरूकतापरक प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज को इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया गया। बालिकाओं की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावुक करने के साथ ही सामाजिक जिम्मेदारी का एहसास भी कराया।
कार्यक्रम में मानव सेवा संस्थान सेवा के रमेश चंद त्रिपाठी, रहमत अली खान, अनिल त्रिपाठी, चंदा सिंह, राजू शर्मा, पूनम यादव, रेनू पासवान, कन्हैया यादव, राम प्रकाश जायसवाल, सुनील कुमार, संदीप कुमार, अनुपानंद, धीरज यादव, चंद्रिका पासवान सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि एवं अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
