अयोध्या में आस्था का सैलाब: 15 दिन में 1 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे रामनगरी, टूटा सारा रिकॉर्ड
कार्तिक माह में अयोध्या में 15 दिन में 1 करोड़ से अधिक श्रद्धालु पहुंचे। दीपोत्सव में 10 लाख, चौदह कोसी में 30 लाख, पंचकोसी में 50 लाख और कार्तिक पूर्णिमा स्नान में 35 लाख भक्तों ने दर्शन किए।
अयोध्या। कार्तिक माह में रामनगरी अयोध्या ने आस्था का नया इतिहास रच दिया। बीते 15 दिनों में एक करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन किए और पुण्य कमाया। दीपोत्सव, चौदह कोसी-पंचकोसी परिक्रमा और कार्तिक पूर्णिमा स्नान के दौरान पूरा शहर श्रद्धा से सराबोर रहा।
दीपोत्सव से स्नान तक, कितने श्रद्धालु आए?
सरकारी आंकड़ों के अनुसार -
- *दीपोत्सव में -* करीब 10 लाख श्रद्धालु
- *चौदह कोसी परिक्रमा में -* करीब 30 लाख भक्त
- *पंचकोसी परिक्रमा में -* करीब 50 लाख भक्त
- *कार्तिक पूर्णिमा स्नान में -* करीब 35 लाख श्रद्धालु
श्रद्धालु सिर्फ राम मंदिर और हनुमानगढ़ी तक सीमित नहीं रहे। उन्होंने सूर्यकुंड, गुप्तारघाट और भरतकुंड पहुंचकर भी दर्शन-पूजन किया।
प्राण प्रतिष्ठा के बाद बदली अयोध्या
योगी आदित्यनाथ सरकार के नेतृत्व में अयोध्या के कायाकल्प ने इस भारी भीड़ को संभालने में बड़ी भूमिका निभाई। नए अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, विस्तारित रेलवे स्टेशन, चौड़ी सड़कों, आधुनिक पार्किंग, रोशनी और साफ-सफाई व्यवस्था ने भक्तों को सुविधा दी।
राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद शहर में पर्यटन और आस्था का मेल और बढ़ गया है। सरकार ने सुरक्षा, स्वास्थ्य और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया, जिससे इतनी बड़ी संख्या में आए श्रद्धालु सहजता से दर्शन कर सके।
15 दिन में साल भर जितना कारोबार
हनुमानगढ़ी के पास फूल-माला और प्रसाद की दुकान चलाने वाले रामप्रकाश शर्मा ने बताया कि दीपोत्सव से लेकर पूर्णिमा तक दुकान में सुबह से रात तक भीड़ रही। पहले साल भर में जितना कारोबार होता था, उतना इन 15 दिनों में हो गया।
रामकोट क्षेत्र में पूजा सामग्री और स्मृति चिह्न बेचने वाले व्यापारी अजय कुमार ने कहा कि व्यापार पहले से दोगुना-तिगुना हो गया है। सड़कें चौड़ी हो गईं, लाइटिंग अच्छी है, पार्किंग की व्यवस्था है। सरकार की विकास योजनाओं का फायदा हम सबको मिल रहा है।
होटल, रेस्तरां, ऑटो-रिक्शा और स्थानीय दुकानदारों ने भी अच्छी कमाई की। विकास कार्यों से न सिर्फ श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी है, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई ऊर्जा मिली है।
क्या बोले डीएम?
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि अयोध्या में श्रद्धालुओं के लिए पानी, शौचालय, चिकित्सा, सुरक्षा और यातायात की समुचित व्यवस्था की गई। विभिन्न विभागों के बेहतर समन्वय से दीपोत्सव, परिक्रमा और कार्तिक पूर्णिमा स्नान सहित सभी आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुए। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा को
सर्वोच्च प्राथमिकता दी।
---
What's Your Reaction?
