रामनगरी पहुंचे सीएम योगी, हनुमानगढ़ी और रामलला के किए दर्शन, सरयू-कमला एक्सप्रेस के शुभारंभ कार्यक्रम में हुए शामिल
सीएम योगी एक दिवसीय दौरे पर अयोध्या पहुंचे, हनुमानगढ़ी और रामलला के दर्शन किए, सरयू-कमला एक्सप्रेस शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल हुए।
अयोध्या (हिन्द भास्कर ब्यूरो) :- सोमवार को एक दिवसीय दौरे पर अयोध्या पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का रामकथा पार्क स्थित हेलीपैड पर उनके उतरते ही जनप्रतिनिधियों और आला अधिकारियों ने स्वागत किया। हेलीपैड से मुख्यमंत्री का काफिला सीधे हनुमानगढ़ी के लिए रवाना हुआ।
हनुमानगढ़ी पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी ने संकटमोचन हनुमान जी के दरबार में हाजिरी लगाई। उन्होंने विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया, आरती की। आप को बता दे कि मुख्यमंत्री अयोध्या से नेपाल के जनकपुर धाम के बीच शुरू होने वाली नई ट्रेन सरयू-कमला एक्सप्रेस के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अयोध्या आए थे।
हनुमानगढ़ी में दर्शन के बाद मुख्यमंत्री योगी सीधे श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने रामलला सरकार के दिव्य दरबार में साष्टांग दंडवत होकर शीश नवाया। गर्भगृह में प्रभु श्रीरामलला के दर्शन कर उन्होंने देश-प्रदेशवासियों के कल्याण, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर जय श्रीराम के जयकारे लगाए। मुख्यमंत्री ने हाथ हिलाकर सभी का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारी और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
