उज्ज्वला योजना ने करोड़ों महिलाओं को चूल्हे के धुएं से दिलाई मुक्ति:- मंत्री ए.के. शर्मा
मंत्री ए.के. शर्मा ने मऊ में आज कहा, उज्ज्वला योजना ने करोड़ों महिलाओं को चूल्हे के धुएं से मुक्ति दिलाई। मुख्यमंत्री योगी के निःशुल्क सिलेंडर वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए।
मऊ/लखनऊ (हिन्द भास्कर ब्यूरो):- आज मऊ के कम्युनिटी हॉल में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी द्वारा वर्चुअल माध्यम से आयोजित निःशुल्क गैस सिलेंडर वितरण कार्यक्रम में सहभागिता की। इस दौरान मंत्री शर्मा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच और महिलाओं के स्वास्थ्य व सम्मान के प्रति उनकी संवेदनशीलता का ही परिणाम उज्ज्वला योजना है।
इस योजना ने देश की करोड़ों महिलाओं को रसोई के धुएं से मुक्ति दिलाकर उनके जीवन में बड़ा बदलाव किया है। उन्होंने कहा कि एक समय था जब देश की माताएं-बहनें लकड़ी और पारंपरिक ईंधन से खाना बनाने को मजबूर थीं। चूल्हे का धुआं उनके स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा था और पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचाता था। महिलाओं की इस पीड़ा को समझते हुए पीएम मोदी ने उज्ज्वला योजना की शुरुआत की।
मंत्री शर्मा ने बताया कि इस योजना की शुरुआती रूपरेखा और निर्माण प्रक्रिया में उन्हें भी योगदान देने का अवसर मिला था। यह योजना महिलाओं के स्वास्थ्य की रक्षा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ऐतिहासिक पहल साबित हुई है। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार गरीबों, वंचितों और महिलाओं के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है।
निःशुल्क राशन, शौचालय, प्रधानमंत्री आवास और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं से करोड़ों परिवारों के जीवन में बदलाव आया है। सरकार की योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने दीपावली पर्व से पहले पात्र परिवारों को फ्री गैस सिलेंडर देने की पहल के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया और कहा कि यह सौगात प्रदेश की माताओं-बहनों के त्योहार की खुशियों को और बढ़ाएगी।
What's Your Reaction?
