UP में नकली नोटों का खेल जारी: सहारनपुर के 17 करोड़ के बाद अब मेरठ की करेंसी चेस्ट में मिले 4.63 लाख के जाली नोट, 3 टीमें जांच में जुटी

सहारनपुर में 17 करोड़ के बाद मेरठ में भी नकली नोटों का मामला। एक्सिस बैंक करेंसी चेस्ट में 4.63 लाख के जाली नोट मिले, पुलिस ने 3 टीमें गठित कीं।

Sep 24, 2026 - 11:23
 0  28
UP में नकली नोटों का खेल जारी: सहारनपुर के 17 करोड़ के बाद अब मेरठ की करेंसी चेस्ट में मिले 4.63 लाख के जाली नोट, 3 टीमें जांच में जुटी

मेरठ(हिन्द भास्कर ब्यूरो):- उत्तर प्रदेश में बैंकों की करेंसी चेस्ट से नकली नोट मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सहारनपुर में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की करेंसी चेस्ट से 17 करोड़ 29 लाख रुपये के नकली नोट मिलने से मचे हड़कंप के बाद अब मेरठ से भी ऐसा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है।

यहां मंगलपांडे नगर स्थित एक्सिस बैंक की करेंसी चेस्ट में 4 लाख 63 हजार 650 रुपये के नकली नोट बरामद हुए हैं। इतनी बड़ी संख्या में करेंसी चेस्ट के अंदर ही जाली नोट मिलने से बैंक अधिकारियों से लेकर पुलिस महकमे तक में खलबली मच गई है।

13 महीने की रकम की जांच में खुला राज

मिली जानकारी के अनुसार, एक्सिस बैंक करेंसी चेस्ट के प्रबंधक सरताज सिंह (निवासी हिसार, हरियाणा) ने बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मंगलवार को चेस्ट का निरीक्षण किया।

इस दौरान 1 दिसंबर 2024 से 31 दिसंबर 2025 के बीच अलग-अलग बैंक शाखाओं से जमा हुई रकम की दोबारा गिनती और जांच की गई। इसी प्रक्रिया के दौरान 1323 नोट संदिग्ध पाए गए, जो जांच में नकली निकले। बैंक प्रबंधन ने तुरंत इसकी सूचना सिविल लाइन थाने को दी।

कौन-कौन से नोट मिले?

बैंक की तहरीर के मुताबिक बरामद नकली नोटों में-

  • 500 रुपये के 805 नोट
  • 200 रुपये के 142 नोट
  • 100 रुपये के 279 नोट
  • 50 रुपये के 97 नोट शामिल हैं।

सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि कई नोट बीच से फटे हुए थे और दो अलग-अलग नोटों को जोड़कर चिपकाया गया था। कुछ नोटों पर 'नकली' जैसा प्रिंट भी चिपका हुआ मिला है। पुलिस का कहना है कि दिसंबर 2024 में भी इसी चेस्ट में 2.37 लाख रुपये के नकली नोट मिले थे।

186 शाखाओं से जुड़ा है तार

बता दें कि मंगलपांडे नगर स्थित ये करेंसी चेस्ट काफी बड़ी है, इससे एक्सिस बैंक की करीब 186 शाखाओं की नकदी का लेन-देन होता है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर ये नकली नोट किस शाखा से होते हुए चेस्ट तक पहुंचे? क्या इसमें किसी बैंककर्मी की मिलीभगत है या बाहर से नोट आ रहे हैं?

पुलिस ने दर्ज की FIR, स्वाट समेत 3 टीमें गठित

एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देश पर सिविल लाइन थाने में BNS की धारा 178, 179, 180, 181 और 182 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए स्वाट समेत तीन टीमें लगाई गई हैं। सभी शाखाओं से आने वाली रकम और CCTV फुटेज की जांच की जा रही है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow