मऊ में मंत्री ए.के. शर्मा ने देखा मातृ शक्ति यात्रा योजना का शुभारंभ, बोले - 81 लाख माताओं को मिलेगी आजीवन फ्री बस यात्रा
मऊ में मंत्री ए.के. शर्मा ने देखा मातृ शक्ति यात्रा योजना का शुभारंभ, बोले - 81 लाख माताओं को मिलेगी आजीवन फ्री बस यात्रा
लखनऊ/मऊ(हिन्द भास्कर):- आज टाउन हॉल मऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृ शक्ति यात्रा’ योजना के शुभारंभ कार्यक्रम का नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने सजीव प्रसारण देखा और मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना प्रदेश की मातृशक्ति के सम्मान, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम है।
यह लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के नारी नेतृत्व और सुशासन के आदर्श से प्रेरित है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत 60 वर्ष और उससे अधिक आयु की सभी पात्र माताओं-बहनों को परिवहन निगम की साधारण बसों में आजीवन निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। यह सुविधा किसी पर्व या अवसर तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे साल हर दिन उपलब्ध रहेगी। मंत्री शर्मा ने कहा कि पात्रता के लिए आधार कार्ड या वोटर आईडी में दर्ज जन्मतिथि को आधार बनाया जाएगा।
पात्र महिलाओं को परिवहन निगम की ओर से विशेष स्मार्ट कार्ड दिया जाएगा। बस में कार्ड टैप करते ही शून्य मूल्य का टिकट जारी हो जाएगा। यह सुविधा पूरे उत्तर प्रदेश में कहीं से कहीं तक मान्य होगी। मंत्री शर्मा ने बताया कि डिजिटल स्मार्ट कार्ड से हर यात्रा का रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा, जिससे व्यवस्था पारदर्शी बनेगी। इसका पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। वित्तीय वर्ष 2026-27 में इसके लिए अनुपूरक बजट से 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने बताया कि जनगणना 2011 के अनुसार प्रदेश में 60 साल से अधिक की लगभग 81 लाख माताएं-बहनें इसकी संभावित लाभार्थी हैं, और प्रतिदिन 88 हजार से अधिक वरिष्ठ महिलाओं को इसका सीधा लाभ मिलने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि अब माताएं बिना खर्च की चिंता के तीर्थाटन, इलाज, सामाजिक कार्यक्रमों और परिजनों से मिलने के लिए स्वतंत्र रूप से यात्रा कर सकेंगी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी आनंद वर्धन, पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में माताएं-बहनें मौजूद रहीं।
What's Your Reaction?
