बढ़नी में CHC के शिलान्यास पर हंगामा, मंच पर सांसद-विधायक समर्थकों में मारपीट, वीडियो वायरल
सिद्धार्थनगर के बढ़नी में CHC शिलान्यास के दौरान सांसद जगदंबिका पाल और विधायक विनय वर्मा के समर्थकों में मंच पर मारपीट, भाजपा नेता प्रदीप कमलापुरी से अभद्रता, वीडियो वायरल।
सिद्धार्थनगर(हिन्द भास्कर ब्यूरो):- बढ़नी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने के लिए आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम में सांसद और विधायक के समर्थकों में हंगामा हो गया। बढ़नी में करीब 19.66 करोड़ की लागत से बनने वाले सीएचसी के शिलान्यास समारोह में सांसद जगदंबिका पाल और शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा के समर्थक आमने-सामने आ गए।
मंच पर ही नारेबाजी के बाद लात-घूंसे चलने लगे, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। कार्यक्रम में सीडीओ, सीएमओ समेत स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कई थानों की पुलिस मौजूद थी। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम शुरू होने के बाद मंच पर विधायक समर्थकों की मौजूदगी को लेकर विवाद शुरू हुआ। सांसद के मंच पर पहुंचते ही दोनों पक्षों की ओर से नारेबाजी तेज हो गई।
वर्चस्व को लेकर हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। वायरल वीडियो में भाजपा नेता प्रदीप कमलापुरी के साथ मंच पर मारपीट होती दिख रही है। आरोप है कि सांसद समर्थकों ने उनके साथ अभद्रता की। कमलापुरी ने बताया कि वह विधायक के समर्थन में नारे लगा रहे थे, इसी से नाराज होकर संसद के समर्थकों ने उन पर हमला कर दिया।
दूसरी तरफ विधायक विनय वर्मा का एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें वह मंच से कथित तौर पर सख्त लहजे में चेतावनी देते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को लेकर भी जिले में चर्चा तेज है। हैरानी की बात ये है कि इतने बड़े कार्यक्रम में अफसर और पुलिस फोर्स की मौजूदगी के बावजूद मंच पर ही झगड़ा हो गया। सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पीड़ित पक्ष ने थाने में कोई तहरीर नहीं दी है। प्रदीप कमलापुरी का कहना है कि वह अपने लोगों से बात करने के बाद आगे का फैसला लेंगे।
स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने के लिए होने वाला कार्यक्रम अब सियासी टकराव की वजह से चर्चा में है।
What's Your Reaction?
