स्किल इंडिया से प्रशिक्षित युवा ही 2047 के विकसित व आत्मनिर्भर भारत का आधार बनेंगे: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

लखनऊ में पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में पीएम मोदी ने टॉपर्स को सम्मानित किया। सीएम योगी ने कहा कि स्किल इंडिया से प्रशिक्षित युवा ही 2047 के विकसित व आत्मनिर्भर भारत की बैकबोन बनेंगे। यूपी कौशल विकास मिशन में 17 लाख से अधिक युवा प्रशिक्षित हुए, 7 लाख से अधिक को कैंपस सलेक्शन से नौकरी मिली। 2026 के रोजगार मेले में 50 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार मिला।

Nov 22, 2026 - 00:16
 0  16
स्किल इंडिया से प्रशिक्षित युवा ही 2047 के विकसित व आत्मनिर्भर भारत का आधार बनेंगे: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में सीएम योगी ने पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह को किया संबोधित, 17 लाख से अधिक युवाओं को मिला प्रशिक्षण

लखनऊ, 21 नवंबर।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में प्रशिक्षण केंद्रों के टॉपर्स को सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी समेत सभी अतिथियों व युवाओं का अभिनंदन किया। उन्होंने राजधानी लखनऊ में इस आयोजन के लिए प्रधानमंत्री का विशेष आभार भी जताया।

सीएम योगी ने कहा कि स्किल्ड मैनपावर ही विकसित भारत की आधारशिला है। स्किल इंडिया से प्रशिक्षित युवा ही 2047 के विकसित व आत्मनिर्भर भारत की बैकबोन बनने जा रहे हैं। देश जब आजादी का शताब्दी महोत्सव मना रहा होगा, तब हर चेहरे पर खुशहाली होगी। हर नारी स्वावलंबन के साथ समाज को नेतृत्व प्रदान कर रही होगी। युवाओं को रोजगार, अन्नदाता को आत्मनिर्भरता और श्रमिक को सम्मानजनक मानदेय हमारा लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2015 में प्रधानमंत्री ने विज्ञान भवन में विश्व युवा कौशल दिवस पर स्किल इंडिया महाभियान का शुभारंभ किया था। इसके जरिये दुनिया की सबसे बड़ी यंग वर्कफोर्स यानी भारत के युवाओं की प्रतिभा को प्लेटफॉर्म देकर उनके मन की हताशा-निराशा को दूर करने का प्रयास किया। पीएम मोदी ने भारतीय मनीषा के उद्घोष ‘अयोग्यो पुरुषो नास्ति, योजकस्तत्र दुर्लभः’ को आगे बढ़ाने का कार्य किया।

उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश और उत्तर प्रदेश देश का सबसे युवा प्रदेश है। यहां सर्वाधिक युवा निवास करते हैं। उत्तर प्रदेश ने 2017 के पश्चात प्रधानमंत्री के स्किल मिशन को तेजी से बढ़ाया। प्रदेश में 17 लाख से अधिक युवाओं को उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के अंतर्गत प्रशिक्षित किया गया, जिनमें से सात लाख से अधिक युवाओं को कैंपस सलेक्शन से ही नौकरी मिली।

दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत ग्रामीण युवक-युवतियों को आवासीय सुविधा के साथ प्रशिक्षण देकर 1.23 लाख से अधिक को सीधे रोजगार दिलाया गया। जब दुनिया वर्ष 2020 में कोरोना से पस्त थी, तब भारत राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू कर रहा था। इसमें परंपरागत पाठ्यक्रम के साथ-साथ स्किलिंग पर जोर दिया गया। प्रोजेक्ट प्रवीण के माध्यम से 1700 से अधिक माध्यमिक विद्यालयों में 2.50 लाख से अधिक विद्यार्थी लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

सीएम ने बताया कि इमर्जिंग टेक्नोलॉजी व इंडस्ट्री 4.0 के लिए प्रदेश सरकार ने 150 से अधिक आईटीआई में टाटा टेक्नोलॉजी के साथ मिलकर एआई, रोबोटिक, ड्रोन टेक्नोलॉजी, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, थ्रीडी प्रिंटिंग व इंडस्ट्री की मांग के अनुरूप नए पाठ्यक्रम शुरू किए हैं। 12 हजार से अधिक प्रशिक्षित युवा कैंपस सलेक्शन के माध्यम से अच्छा रोजगार प्राप्त कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 2026 में लगे रोजगार मेले में 50 हजार से अधिक प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार मिला है। इनमें 3400 से अधिक दिव्यांग युवा भी शामिल हैं। प्रदेश में वोकेशनल एजुकेशन एंड स्किल डेवलपमेंट का बड़ा नेटवर्क है। इन सभी को इंटीग्रेट करने के लिए लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल स्किलिंग व एम्प्लॉयमेंट जोन विकसित किया जा रहा है, जहां एक ही छत के नीचे युवाओं की स्किलिंग के साथ-साथ नेशनल व ग्लोबल मार्केट के अनुसार उद्योग को स्किल्ड वर्कफोर्स उपलब्ध कराई जाएगी।

समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी, केंद्रीय राज्यमंत्री व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, प्रदेश सरकार के मंत्री मनोज पांडेय, कपिल देव अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Keshav Shukla साहित्यकार, उद्घोषक, पत्रकार