मां को मुखाग्नि देते वक्त भावुक हुए सीएम योगी, हरिद्वार के नमामि गंगे घाट पर दी अंतिम विदाई
हरिद्वार में सीएम योगी आदित्यनाथ ने मां सावित्री देवी को मुखाग्नि देकर अंतिम विदाई दी, इस दौरान वे भावुक हो गए, पार्थिव शरीर पंचूर गांव से हरिद्वार लाया गया था।
गोरखपुर/हरिद्वार(हिन्द भास्कर ब्यूरो):- शनिवार का दिन मुख्यमंत्री योगी के लिए बेहद भावुक रहा। हरिद्वार के नमामि गंगे घाट पर उन्होंने अपनी मां सावित्री देवी को मुखाग्नि देकर अंतिम विदाई दी। मां के पार्थिव शरीर को मुखाग्नि देते वक्त योगी आदित्यनाथ की आंखें नम हो गईं। उस पल भगवा वस्त्र धारी संन्यासी और मुख्यमंत्री की पहचान पीछे छूट गई थी, घाट पर सिर्फ एक बेटा खड़ा था जो अपनी मां को अंतिम विदाई दे रहा था।
आप को बता दे कि 91 वर्षीय सावित्री देवी ने बीते 20 नवंबर को अंतिम सांस ली थी। वह मूल रूप से उत्तराखंड के पौड़ी जिले के पंचूर गांव की रहने वाली थीं। मां के निधन की खबर उस वक्त योगी आदित्यनाथ को मिली जब वह गोरखपुर में एक कार्यक्रम में थे। इस दुखद सूचना के बावजूद उन्होंने पहले कार्यक्रम की जिम्मेदारी पूरी की। इसके बाद सीधे गोरखनाथ मंदिर पहुंचे और वहां से पैतृक गांव के लिए रवाना हो गए।
पैतृक गांव पहुंचकर मुख्यमंत्री ने मां के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन किए। परिजनों से मिले और मां की स्मृतियों को याद किया। इसके बाद पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए हरिद्वार लाया गया। नमामि गंगे घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार और रीति-रिवाजों के साथ अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।
32 साल पहले छोड़ा था घर, लिया था संन्यास
योगी आदित्यनाथ का बचपन का नाम अजय सिंह बिष्ट है। वर्ष 1993 में युवावस्था में उन्होंने घर छोड़ दिया था और गोरखनाथ मंदिर आ गए थे। गुरु महंत अवेद्यनाथ के सानिध्य में उन्होंने आध्यात्मिक जीवन की शुरुआत की। 15 फरवरी 1994 को वसंत पंचमी के दिन उन्होंने संन्यास दीक्षा ली, तब से वह अजय से योगी आदित्यनाथ बन गए।
संन्यास के बाद उन्होंने खुद को गोरक्षपीठ, समाज और जनसेवा के लिए समर्पित कर दिया। 2014 में वह गोरक्षपीठ के पीठाधीश्वर बने और 2017 में पहली बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। जिम्मेदारियों के बीच भी मां के प्रति उनका जुड़ाव हमेशा बना रहा।
पिता के अंतिम संस्कार में भी नहीं जा पाए थे
योगी आदित्यनाथ के जीवन में यह दूसरा बेहद कठिन पल है। इससे पहले अप्रैल 2020 में कोरोना काल के दौरान उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन हो गया था। उस समय पूरे प्रदेश में कोरोना संकट था।
मुख्यमंत्री होने के नाते उन्होंने जनता की सुरक्षा को प्राथमिकता दी और पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके थे।
मां के लिए हमेशा अजय ही रहे
दुनिया के लिए वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और गोरक्षपीठ के पीठाधीश्वर हैं, लेकिन मां सावित्री देवी के लिए वह हमेशा उनके बेटे अजय ही रहे। मां का प्यार, संस्कार और आशीर्वाद जीवन की सबसे बड़ी पूंजी होती है।
हरिद्वार में गंगा किनारे एक बेटे को अपनी मां को अंतिम विदाई देते देख वहां मौजूद हर व्यक्ति भावुक हो गया। सावित्री देवी भले ही अब इस दुनिया में नहीं रहीं, लेकिन उनके दिए संस्कार और उनकी यादें हमेशा योगी आदित्यनाथ के साथ रहेंगी।
हिन्द भास्कर परिवार की ओर से मां सावित्री देवी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि। ॐ शांति।
What's Your Reaction?
