लोक आस्था सूर्य षष्ठी के चार दिवसीय महापर्व छठ की शुरुआत शुक्रवार को ‘नहाय-खाय’ के साथ प्रारंभ

Nov 13, 2026 - 15:52
 0  32
लोक आस्था  सूर्य षष्ठी के चार दिवसीय महापर्व छठ की शुरुआत शुक्रवार को ‘नहाय-खाय’ के साथ प्रारंभ
चिल्का झील छठ घाट
लोक आस्था  सूर्य षष्ठी के चार दिवसीय महापर्व छठ की शुरुआत शुक्रवार को ‘नहाय-खाय’ के साथ प्रारंभ

मुख्य पूजा रविवार को अस्ताचल गामी भगवान भास्कर को अर्घ अर्पण 

सोमवार की प्रभात बेला में उदयाचल भगवान भास्कर को अर्घ अर्पण के साथ समापन होगा।

हिन्द भास्कर,

सोनभद्र। लोक आस्था सूर्य उपासना (सूर्य षष्ठी) डाला छठ के चार दिवसीय महापर्व छठ की शुरुआत शुक्रवार को ‘नहाय-खाय’ के साथ हो गई ।यह महापर्व मात्र धार्मिक अनुष्ठान नहीं, अपितु भारतीय लोकजीवन की सांस्कृतिक अस्मिता, आध्यात्मिक साधना, पारिवारिक समरसता और सामाजिक सहकारिता का अनुपम महोत्सव है। यह हमें सूर्यदेव की जीवनदायिनी ऊर्जा, जल की पवित्रता, प्रकृति की उदारता तथा पर्यावरणीय संतुलन के प्रति श्रद्धा, संवेदना और कृतज्ञता का बोध कराता है

इस पावन पर्व की तपश्चर्या में निहित त्याग, संयम, पवित्रता, निष्ठा एवं संकल्पशीलता प्रत्येक परिवार में सुख-शांति, समृद्धि, सौहार्द और मंगलमय जीवन का संचार करे ऐसी कामना हर व्रती की होती है।

 इस पावन पर्व को लेकर बिहार, झारखंड,पूर्वांचल सहित देश - विदेश के साथ सोनभद्र व जनपद से सटे मध्यप्रदेश में उत्साह का माहौल है और व्रतियों व उनके परिजनों ने घरों की साफ-सफाई के साथ पूजन सामग्री की खरीदारी कहीं पूरी कर ली है तो जगह जगह स्थानीय बाजारों में पूजन सामग्री फल,फूल की बाजारों में मेले जैसा माहौल देखने को मिल रहा है जहां खरीदारी चालू है। इस पर्व में पहले दिन शुक्रवार को व्रतियों ने स्नान कर स्वच्छता के साथ अरवा चावल,चने की दाल और लौकी की सब्जी का प्रसाद ग्रहण कर इस अलौकिक आस्था से पूर्ण व्रत का शुभारंभ किया । शनिवार को खरना होगा, जिसके तहत व्रती दिनभर उपवास रखकर शाम को गुड़ की खीर, रोटी और फल का प्रसाद ग्रहण करेंगे और इसके साथ ही उनका 36 घंटे का निर्जला उपवास आरंभ हो जाएगा।

 रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर बहुत छठ व्रती घाट पर रात्रि जागरण करते हैं तो अन्य व्रती घरों में कोशी भर छठ गीतों पर नाचते गाते रात्रि जागरण कर छठी मईया व भगवान भास्कर से परिवार,सगे संबंधियों के खुशहाली की प्रार्थना करते हैं पुनः सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर इस कठिन व्रत का समापन किया जाएगा, जिसमें व्रती परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की दीर्घायु की कामना करती हैं।

शक्तिनगर,अनपरा, खड़िया , बीना,जयंत,विंध्यनगर समेत सभी प्रमुख बाजारों में सूप, दउरा, फल, फूल नारियल और पूजन सामग्री की दुकानें सजने से जबरदस्त रौनक बनी हुई है। इस पर्व को लेकर विद्युत विहार स्थित चिल्का झील की साफ सफाई कर झालरों से सजाकर तैयार किया गया है वहीं एन सी एल खडिया चैतन्य वाटिका के पास कृत्रिम झील भी पूजन हेतु तैयार हो गई है, अनपरा कौवानाला, बीना रामजानकी मंदिर जलाशय, रेनुकूट, ओबरा, चोपन रॉबर्ट्सगंज नगर के रामसरोवर तालाब, नहर और पोखरा सहित विभिन्न घाटों पर पूजन वेदी बनाने और उन्हें अंतिम रूप देने का कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है, ताकि व्रती महिलाओं को अर्घ्य देने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इस विलक्षण श्रद्धा से पूर्ण व्रत पर्व को लेकर पुलिस और सुरक्षा बलों ने भी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने को लेकर अपनी तैयारी कर ली है

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow