बुलडोजर अब यूपी का ब्रांड, जेवर बनेगा औद्योगिक हब : सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यीडा क्षेत्र में सीएनएच के 1200 करोड़ के ट्रैक्टर प्लांट की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी का वर्चुअल उद्घाटन किया। कहा- बुलडोजर अब यूपी का ब्रांड बन गया है और प्रदेश टॉप 3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है।

Nov 12, 2026 - 14:02
 0  21
बुलडोजर अब यूपी का ब्रांड, जेवर बनेगा औद्योगिक हब : सीएम योगी
लखनऊ में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जेवर में CNH ट्रैक्टर प्लांट की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी को संबोधित करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

यीडा क्षेत्र में CNH के 1200 करोड़ के ट्रैक्टर प्लांट की ग्राउंड ब्रेकिंग, हजारों को रोजगार

लखनऊ, 12 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में माफिया राज की जगह अब कानून का राज स्थापित हुआ है। अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति और बुलडोजर की कार्रवाई ने यूपी को निवेश का प्रमुख केंद्र बना दिया है। बुलडोजर अब यूपी का ब्रांड बन चुका है। अगर कंपनियां यहां बुलडोजर और ट्रैक्टर बनाएंगी, तो देश-विदेश में इसकी मांग स्वतः ही बढ़ेगी।

मुख्यमंत्री गुरुवार को सीएनएच इंडस्ट्रियल के नए ट्रैक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित कर रहे थे। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में 1200 करोड़ से अधिक की लागत से यह प्लांट स्थापित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि जिस जेवर क्षेत्र में कभी गोलियां चलती थीं, वह आज भारत के ‘गहने’ के रूप में निवेश का सर्वश्रेष्ठ गंतव्य बन चुका है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ यह पूरा क्षेत्र औद्योगिक, आर्थिक और लॉजिस्टिक हब के रूप में विकसित हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 2017 से पहले यूपी के सामने पलायन और अराजकता के सवाल थे, आज यह उपद्रव से उत्सव प्रदेश बन गया है। कभी बीमारू कहा जाने वाला यूपी आज देश की टॉप 3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गया है और 1 ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी की ओर बढ़ रहा है।

उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश को 50 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनमें से 15 लाख करोड़ धरातल पर उतर चुके हैं। सीएनएच का 100 एकड़ में बनने वाला यह प्लांट कृषि यंत्रीकरण को गति देगा और हजारों युवाओं को रोजगार देगा।

कार्यक्रम में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, सांसद डॉ. महेश शर्मा, यीडा सीईओ राकेश कुमार सिंह, सीएनएच चेयरपर्सन लेडी सुजैन हेवुड सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Keshav Shukla साहित्यकार, उद्घोषक, पत्रकार