स्वच्छता सर्वेक्षण में यूपी का परचम, लखनऊ-वाराणसी और गाजियाबाद ने जीते राष्ट्रीय सम्मान, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया सम्मानित

स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में यूपी का परचम, लखनऊ टॉप-3 में, वाराणसी श्रेष्ठ नदी तटीय शहर, गाजियाबाद सबसे स्वच्छ। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया सम्मानित।

Nov 12, 2026 - 00:28
 0  19
स्वच्छता सर्वेक्षण में यूपी का परचम, लखनऊ-वाराणसी और गाजियाबाद ने जीते राष्ट्रीय सम्मान, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया सम्मानित

लखनऊ(हिन्द भास्कर):- उत्तर प्रदेश ने एक बार फिर स्वच्छता के मामले में देशभर में अपनी धाक जमाई है। नई दिल्ली में आयोजित स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के राष्ट्रीय सम्मान समारोह में प्रदेश के शहरों ने शानदार प्रदर्शन किया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यूपी के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रदेश के शहरों को सम्मानित किया। प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने इस उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि यह पूर्वांचल से लेकर पश्चिमांचल तक बदलते उत्तर प्रदेश की तस्वीर है।

लखनऊ, वाराणसी और गाजियाबाद ने जिस तरह का प्रदर्शन किया है, वह पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है।

लखनऊ टॉप-3 में बरकरार, वाराणसी और गाजियाबाद ने भी मारी बाजी

इस सर्वे में लखनऊ ने देश के तीन सबसे स्वच्छ बड़े शहरों में अपनी जगह बरकरार रखी है। वहीं बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी यानी वाराणसी को देश के तीन सर्वश्रेष्ठ नदी तटीय शहरों में चुना गया है। इसके साथ ही गाजियाबाद पूरे प्रदेश में सबसे स्वच्छ शहर बनकर उभरा है।

मंत्री शर्मा ने मीडिया से बात बताया कि यह सम्मान सिर्फ शहरों का नहीं, बल्कि उन लाखों सफाई मित्रों का सम्मान है, जो सुबह से शाम तक शहरों को चमकाने में जुटे रहते हैं। इसके साथ ही नगर निगम, पालिका और पंचायतों के कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और अधिकारियों की मेहनत भी इसमें शामिल है।

मोदी के मंत्र और योगी के नेतृत्व का असर

मंत्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ भारत मिशन को जन आंदोलन बना दिया है। अब स्वच्छता सिर्फ सरकारी योजना नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी बन गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शहरों को लगातार स्वच्छ और सुंदर बनाया जा रहा है।

आगे उन्होंने कहा कि शहरों में कचरा प्रबंधन, ठोस अपशिष्ट निस्तारण और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई पर लगातार काम हो रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि यूपी का हर शहर स्वच्छता की मिसाल बने। मंत्री शर्मा ने विशेष रूप से सफाई मित्रों की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हीं की मेहनत और सेवा भाव से शहर चमक रहे हैं।

इस मौके पर लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, प्रमुख सचिव पी. गुरु प्रसाद, सचिव अनुज कुमार झा, नगर आयुक्त गौरव कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow