छठ से पहले कुड़िया घाट पहुंचे मंत्री ए.के. शर्मा, बोले- व्रतियों को न हो कोई परेशानी, समय पर पूरे हों सारे काम
मंत्री ए.के. शर्मा ने कुड़िया घाट का निरीक्षण किया, अधिकारियों को छठ से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- छठ महापर्व नजदीक आते ही तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को दोपहर में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा खुद लखनऊ के कुड़िया घाट पहुंचे और वहां चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। मंत्री शर्मा ने घाट पर चारों ओर घूम-घूम कर श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सफाई, लाइटिंग, आने-जाने का रास्ता और सुरक्षा को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली। मौके पर मौजूद अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि छठ से पहले सारे काम हर हाल में पूरे हो जाने चाहिए। काम में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। मंत्री शर्मा ने कहा कि छठ सिर्फ व्रत नहीं, हमारी आस्था और प्रकृति के प्रति आभार का पर्व है।
ऐसे में घाटों पर आने वाले हर व्रती को साफ-सुथरा और सुरक्षित माहौल मिलना ही चाहिए। उन्होंने बताया कि नगर निगम की टीमें दिन-रात लगी हैं। घाटों पर चित्रकारी, सजावट और रोशनी का काम भव्य तरीके से किया जा रहा है, ताकि घाट छठ पर एकदम दुल्हन की तरह सजे दिखें। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिव मंदिर घाट से मुख्य सड़क तक बन रहे नए रास्ते को भी देखा।
अधिकारियों से कहा कि इस रास्ते को सबसे पहले पूरा किया जाए, क्योंकि इसी रास्ते से हजारों श्रद्धालु घाट तक पहुंचेंगे। रास्ता मजबूत और चलने में आसान होना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को आपस में तालमेल बनाकर काम करने को कहा। बोले, भीड़ बहुत होगी, इसलिए रोशनी, साफ-सफाई, रास्ता और सुरक्षा - हर चीज की पुख्ता व्यवस्था होनी चाहिए।
किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। इस दौरान नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त पंकज कुमार समेत नगर निगम के कई अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
