पूर्व मंत्री सुशील टिबड़ेवाल का तूफानी दौरा, बीमारों का जाना हाल और दुखी परिवारों से मिलकर संवेदना व्यक्त की
सिसवा में पूर्व मंत्री सुशील टिबड़ेवाल का तूफानी दौरा। शीतलापुर में अग्नि पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद, निचलौल में बीमार कार्यकर्ताओं का जाना हाल और शोकाकुल परिजनों से मिले।
महराजगंज(हिन्द भास्कर ब्यूरो):- गुरुवार को सिसवा विधानसभा से सपा के पूर्व प्रत्याशी और प्रदेश के पूर्व मंत्री सुशील टिबड़ेवाल पूरे दिन सिसवा विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क पर रहे। उन्होंने निचलौल से लेकर ग्रामीण इलाकों तक पहुंचकर बीमार कार्यकर्ताओं का हालचाल जाना और दुखी परिवारों से मिलकर संवेदना व्यक्त की।
दौरे की शुरुआत निचलौल कस्बे से हुई। वरिष्ठ सपा नेता विजय यादव के अस्वस्थ होने की जानकारी मिलते ही पूर्व मंत्री उनके आवास पर पहुंचे और स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेकर शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। वहां से वे डोमा खास गांव गए, जहां पूर्व प्रधान श्रीकिशुन यादव बीमार चल रहे हैं। टिबड़ेवाल ने उनके घर जाकर उनका कुशलक्षेम पूछा।
इसके बाद उनका काफिला शीतलापुर गांव पहुंचा। यहां अतुल गौड़ के घर में आग लगने से काफी नुकसान हुआ है, जबकि घर में जल्द ही बहन की शादी है। घटना की सूचना पर पूर्व मंत्री पीड़ित परिवार से मिले, आर्थिक मदद की और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। दौरे के अंतिम पड़ाव में टिबड़ेवाल निचलौल के आजाद नगर वार्ड में स्व. सीताराम सिंह के घर पहुंचे।
उन्होंने उनके पुत्र अभिषेक सिंह और परिजनों से मिलकर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उनके साथ सपा जिला महासचिव समसुद्दीन अली, विजय तिवारी, गुड्डू पाण्डेय, तैयब अंसारी, हीरा लाल ज़ख़्मी, मुबारक अली, राजेश यादव समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
