जनगणना में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, हर प्रगणक जुटाएगा 850 लोगों का डेटा : जिलाधिकारी

गोरखपुर में जनगणना कार्य को लेकर जिलाधिकारी दीपक मीणा ने सख्त निर्देश दिए हैं। प्रत्येक प्रगणक को 850 लोगों का विवरण जुटाना होगा। नगर निगम के 2360 ब्लॉकों में गणना होगी और कोई भी परिवार छूटने न पाए, इसके लिए रिजर्व स्टाफ की भी तैनाती की गई है।

Nov 13, 2026 - 20:57
 0  7

गोरखपुर में 2360 ब्लॉकों में होगी गणना, रिजर्व स्टाफ भी रहेगा तैनात

गोरखपुर। जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले में कर्मचारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित कर दी गई हैं। प्रत्येक प्रगणक को औसतन 850 लोगों का विवरण जुटाना होगा। नगर निगम क्षेत्र के 2360 गणना ब्लॉकों में भी इसी आधार पर गणना कार्य कराया जाएगा। गणना कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए रिजर्व स्टाफ की भी व्यवस्था की गई है।

प्रगणकों, सुपरवाइजरों एवं अन्य सहायक कर्मचारियों की तैनाती के माध्यम से पूरे जिले में जनगणना कार्य को सुचारु रूप से संचालित करने की तैयारी की गई है।

इस संबंध में जिलाधिकारी दीपक मीणा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराया जाए। प्रशिक्षण के दौरान बताई गई प्रक्रिया और निर्धारित मानकों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक प्रगणक को अपने क्षेत्र, गणना ब्लॉक एवं सौंपे गए दायित्वों की स्पष्ट जानकारी होनी चाहिए। कोई भी परिवार गणना से छूटने न पाए तथा दर्ज की जाने वाली सूचनाओं की शुद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए।

उन्होंने बताया कि जनगणना के आंकड़े देश और प्रदेश की विकास योजनाओं, सरकारी नीतियों तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के निर्धारण का महत्वपूर्ण आधार होते हैं। इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय बनाकर निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा कराएं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Keshav Shukla साहित्यकार, उद्घोषक, पत्रकार