निठारी कांड के आरोपी सुरेंद्र कोली ने हरिद्वार में दी जान, चाय के खोखे में फंदे पर लटका मिला शव
नोएडा निठारी कांड के आरोपी सुरेंद्र कोली ने हरिद्वार में फांसी लगाकर जान दी। शव चाय के खोखे में मिला। वह सदाराम नाम से गार्ड की नौकरी कर रहा था। पुलिस जांच में जुटी है।
गौतम बुद्ध नगर(हिन्द भास्कर):- नोएडा के चर्चित निठारी हत्याकांड के आरोपी रहे सुरेंद्र कोली ने शुक्रवार को हरिद्वार में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव भूपतवाला क्षेत्र के सप्त सरोवर रोड पर स्थित एक चाय के खोखे के अंदर मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सुरेंद्र कोली पुत्र शंकु राम, निवासी मंगरूखाल, अल्मोड़ा के रूप में हुई है। वह पिछले तीन महीने से हरिद्वार के सिडकुल में एक सिक्योरिटी कंपनी में काम कर रहा था और खुद को सदाराम बताकर रह रहा था। पुलिस के मुताबिक, उसने तीन दिन पहले ही लालमाता मंदिर के सामने धर्मेंद्र कौशिक से चाय का खोखा किराए पर लिया था।
शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे जब दुकान का शटर नहीं खुला तो मालिक ने अंदर देखा तो कोली फंदे पर लटका था। थाना प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक तनाव और आर्थिक तंगी की बात सामने आ रही है।
बताया गया कि गुरुवार को उसने दुकान मालिक से 2000 रुपये उधार लिए थे। गौरतलब है कि वर्ष 2006 में नोएडा के निठारी, सेक्टर-31 स्थित D-5 कोठी के पास नाले से 19 बच्चों और युवतियों के कंकाल मिले थे।
इस मामले में कोठी मालिक मोनिंदर सिंह पंधेर और नौकर सुरेंद्र कोली को निचली अदालत ने फांसी की सजा सुनाई थी, लेकिन बाद में हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट से दोनों अधिकांश मामलों में बरी हो गए थे। मोनिंदर पंधेर वर्तमान में पंजाब में अपने परिवार के साथ रह रहा है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
