महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर विद्यालय में हुआ भव्य समारोह
गोरखपुर के पं. त्रिलोकी नाथ त्रिपाठी किसान इंटर कॉलेज में गांधी और शास्त्री जयंती श्रद्धा व देशभक्ति के साथ मनाई गई। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया।
गोरखपुर। पं. त्रिलोकी नाथ त्रिपाठी किसान इंटर कॉलेज, आभूराम तुर्कवलिया के प्रांगण में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा, उल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक इंजीनियर अखिलेश्वर नाथ त्रिपाठी और प्रधानाचार्य डॉ. अशोक कुमार द्विवेदी ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
इस अवसर पर विद्यालय के संस्थापक स्व. पंडित त्रिलोकी नाथ त्रिपाठी और संस्थापिका स्व. शकुंतला त्रिपाठी की प्रतिमाओं पर भी माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रबंधक इंजीनियर अखिलेश्वर नाथ त्रिपाठी ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और स्वावलंबन के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री का ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा देश के स्वाभिमान और समृद्धि की भावना को दर्शाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से महापुरुषों के आदर्शों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
प्रधानाचार्य डॉ. अशोक कुमार द्विवेदी ने दोनों महान विभूतियों के जीवन, संघर्ष और विचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को सत्य, अनुशासन और स्वच्छता के मार्ग पर चलने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि संस्कारयुक्त शिक्षा ही चरित्र निर्माण की पहली सीढ़ी है।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, भाषण, काव्य पाठ और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। जयंती के अवसर पर विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया, जिसमें शिक्षकों और विद्यार्थियों ने श्रमदान किया।
समापन अवसर पर सभी ने राष्ट्रगान गाया। इसके बाद मिष्ठान वितरण किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
