यूपी में 2027 से पहले नया सियासी धमाका, अतिपिछड़ों ने बनाया 'कर्पूरी मोर्चा', 403 सीटों पर लड़ेगा चुनाव
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले अतिपिछड़ी जातियों के दलों ने एकजुट होकर 'कर्पूरी मोर्चा' बना लिया है। लखनऊ में प्रेस वार्ता कर मोर्चे ने सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया। मोर्चा ने जनसंख्या के अनुपात में हिस्सेदारी, आरक्षण वर्गीकरण और वंचित समाज को टिकट देने की मांग उठाई है।
यूपी चुनाव 2027: अतिपिछड़े दलों ने मिलकर बनाया 'कर्पूरी मोर्चा', सभी 403 सीटों पर लड़ने का ऐलान
जनसंख्या के अनुपात में हिस्सेदारी व आरक्षण वर्गीकरण की उठाई मांग
लखनऊ से हमारे विशेष संवाददाता की रिपोर्ट
आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (2027) को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। आजादी के बाद से सत्ता और शासन में उचित हिस्सेदारी से वंचित रहने का आरोप लगाते हुए अतिपिछड़ी जातियों के दलों ने एकजुट होकर 'कर्पूरी मोर्चा' के गठन की औपचारिक घोषणा की है। लखनऊ के प्रेस क्लब में आयोजित एक संयुक्त प्रेस वार्ता में घटक दलों के राष्ट्रीय अध्यक्षों ने स्पष्ट किया कि फिलहाल इसमें चार दल शामिल हैं और चार अन्य दलों को जोड़ने की प्रक्रिया जारी है।
प्रमुख दलों पर वादाखिलाफी का आरोप: विनेश ठाकुर
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए 'इंडियन जन सेवा दल' के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनेश ठाकुर ने सपा, बसपा, कांग्रेस और भाजपा सहित प्रमुख दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इन दलों ने "जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी" के नारे तो दिए, लेकिन टिकट वितरण में कभी अमल नहीं किया। श्री ठाकुर ने स्पष्ट किया कि जननायक कर्पूरी ठाकुर के नाम पर बने इस मोर्चे का उद्देश्य वंचित जातियों को जनसंख्या के अनुपात में विधायक, सांसद और मंत्री बनाना है। उन्होंने सनातन संस्कृति पर टिप्पणी करने वाले नेताओं की आलोचना करते हुए कहा कि जो दल जनसंख्या अनुपात में टिकट वितरण और आरक्षण के वर्गीकरण को सहमत होगा, मोर्चा उससे गठबंधन पर विचार कर सकता है।
पूंजीपतियों को नहीं मिलेगा टिकट: इंजीनियर देवेन्द्र कश्यप
'सामाजिक न्याय पार्टी' के राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजीनियर देवेन्द्र कश्यप ने ऐलान किया कि कर्पूरी मोर्चा 2027 में सभी 403 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारेगा। उन्होंने कहा कि सविता और विश्वकर्मा सहित कई अतिपिछड़ी जातियों का आज तक एक भी विधायक नहीं बन सका है। श्री कश्यप ने घोषणा की कि मोर्चा किसी फिल्म अभिनेता-अभिनेत्री या पूंजीपति को न तो विधानसभा का टिकट देगा और न ही राज्यसभा या विधान परिषद में नामित करेगा। उन्होंने पाल, प्रजापति, सैनी, कश्यप, विश्वकर्मा, वाल्मीकि, लोधी, बढ़ई, कुशवाहा, मौर्य और शाक्य सहित सभी वंचित समाजों का मोर्चे से जुड़ने का आह्वान किया।
40 प्रतिशत से अधिक वोट बैंक का दावा: राकेश सैनी
'अखंड भारत विकास पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश सैनी
ने जातीय समीकरणों का हवाला देते हुए कहा कि प्रदेश, विशेषकर पश्चिमी यूपी की प्रत्येक विधानसभा में सैनी, शाक्य, कुशवाहा और मौर्य समाज के 40 हजार से कम वोट नहीं हैं, फिर भी टिकट मांगने पर कम वोट का बहाना बनाया जाता है। उन्होंने दावा किया कि सभी अतिपिछड़ी जातियों को मिलाकर हर सीट पर 40 प्रतिशत से अधिक वोट हैं; यदि यह समाज एकजुट हो जाए, तो राज्य में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई जा सकती है।
17 नवंबर को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में रैली: राजेश तुरैहा
सामाजिक न्याय पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेश तुरैहा* ने कहा कि तुरैहा समाज का भी अब तक कोई विधायक नहीं बन पाया है। उन्होंने बताया कि मोर्चा धन्ना सेठों की बजाय गरीबों, किसानों और मजदूरों को नेतृत्व देने के लिए मैदान में उतरा है। आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया:
17 नवंबर: सरकारी व गैर-सरकारी क्षेत्रों में जनसंख्या अनुपात में हिस्सेदारी व आरक्षण की मांग को लेकर नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में विशाल रैली होगी।
15 जनवरी तक: प्रदेश भर में एक दर्जन जनसभाएं आयोजित की जाएंगी।
नेताओं ने अंत में स्पष्ट किया कि यदि मुख्यधारा के दल अपनी नीतियों में सुधार कर जनसंख्या अनुपात में हिस्सेदारी देने को तैयार होते हैं, तो गठबंधन के विकल्प खुले हैं, अन्यथा मोर्चा अपने दम पर चुनाव लड़ेगा।
What's Your Reaction?
