इज्जतनगर रेल चिकित्सालय विवाद: वरिष्ठ सर्जन डॉ. शंखधार ने रेलवे बोर्ड से की CMS कार्यकाल की उच्चस्तरीय जांच की मांग

इज्जतनगर रेल चिकित्सालय विवाद में सर्जन डॉ. शंखधार ने रेलवे बोर्ड से CMS कार्यकाल की उच्चस्तरीय जांच की मांग की, तबादला, APAR और प्रशासनिक निर्णयों पर गंभीर आरोप।

Nov 13, 2026 - 15:43
 0  94
इज्जतनगर रेल चिकित्सालय विवाद: वरिष्ठ सर्जन डॉ. शंखधार ने रेलवे बोर्ड से की CMS कार्यकाल की उच्चस्तरीय जांच की मांग

लखनऊ/बरेली(हिन्द भास्कर ब्यूरो):- पूर्वोत्तर रेलवे के मंडल रेल चिकित्सालय, इज्जतनगर से जुड़ा एक बड़ा प्रशासनिक मामला सामने आया है।

यहां पदस्थ वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी (शल्य चिकित्सा) डॉ. आशुतोष शंखधार ने रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली के सचिव (स्थापना) को एक विस्तृत अभ्यावेदन भेजकर तत्कालीन मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. यू. एस. नागा के कार्यकाल के दौरान लिए गए निर्णयों की स्वतंत्र और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

महाप्रबंधक (कार्मिक), पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर के माध्यम से भेजे गए इस पत्र में डॉ. शंखधार ने कहा है कि उनका उद्देश्य बिना जांच के किसी को दोषी ठहराना नहीं, बल्कि अभिलेख-आधारित जांच से वास्तविक स्थिति स्पष्ट कर प्रशासनिक पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।

पत्र में विशेष रूप से फार्मासिस्ट कैडर में पारस्परिक स्थानांतरण (Mutual Transfer) के आवेदन के बावजूद प्रशासनिक तबादला आदेश जारी होने और फिर यूनियन के दबाव में संशोधित आदेश जारी करने के प्रकरण का उल्लेख है।

साथ ही HKA अमर भारती के फतेहगढ़ स्थानांतरण के लगभग छह माह के भीतर पुनः बरेली बुलाए जाने के घटनाक्रम के सत्यापन की मांग की गई है। डॉ. शंखधार ने अपने APAR (वार्षिक कार्य-निष्पादन मूल्यांकन) में ग्रेडिंग में हुए कथित परिवर्तन और उससे जुड़ी प्रक्रिया की भी नियमानुसार समीक्षा कराने का अनुरोध किया है।

अपने अभ्यावेदन में उन्होंने यह भी अनुरोध किया है कि यह समीक्षा केवल कुछ कर्मचारियों तक सीमित न रखकर वर्ष 2024 से वर्तमान अवधि तक हुए समान प्रकृति के सभी स्थानांतरणों के संदर्भ में की जाए, ताकि निर्णयों में एकरूपता और निष्पक्षता का आकलन हो सके।

रेल प्रशासन पर आरोप है कि चीफ. प्रेमचन्द्र का एक ही वर्ष में दो बार प्रशासनिक तबादला किया गया और उनकी वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट (एसीआर) को खराब कर दिया गया, जिसे बाद में एडीआरएम इज्जतनगर के हस्तक्षेप के बाद सुधारा गया। इतना ही नहीं, उनकी 50 दिन की स्वीकृत छुट्टी को काटकर एमएसीपी का लाभ रोकने जैसे गंभीर आरोप भी सामने आए हैं।

पत्र के अंत में उन्होंने रेलवे सेवा (IRHS) के सेलेक्शन ग्रेड मेडिकल अधिकारी पद से इस्तीफे के संबंध में भी उल्लेख किया है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow