एपस्टीन फाइल्स पर अमेरिका में सियासी भूचाल, 218 सांसदों ने मिलाया हाथ, ट्रंप प्रशासन पर उठे सवाल
जेफरी एपस्टीन से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक करने की मांग पर अमेरिकी राजनीति में घमासान मच गया है। प्रतिनिधि सभा में डिस्चार्ज पिटीशन पर 218 सांसदों के हस्ताक्षर पूरे हो गए हैं, जिसमें 214 डेमोक्रेट और 4 रिपब्लिकन सांसद शामिल हैं। इसके बाद Epstein Files Transparency Act II पर मतदान का रास्ता साफ हो गया है।
4 रिपब्लिकन सांसद भी डेमोक्रेट्स के साथ, न्याय विभाग पर दस्तावेज दबाने का आरोप
वॉशिंगटन। जेफरी एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों को सार्वजनिक करने की मांग ने अमेरिका की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज कर दी है। खास बात यह है कि इस बार राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अपनी रिपब्लिकन पार्टी के कुछ सांसद भी दस्तावेज सार्वजनिक कराने की मांग में विपक्षी डेमोक्रेट सांसदों के साथ खड़े नजर आ रहे हैं।
अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी के नेतृत्व में लाए गए नए विधेयक को सदन में मतदान के लिए पेश कराने की मुहिम को बड़ी सफलता मिली है। 11 नवंबर को इस प्रस्ताव के समर्थन में 218 सांसदों के हस्ताक्षर पूरे हो गए। अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में किसी डिस्चार्ज पिटीशन के जरिए विधेयक को सदन में चर्चा और मतदान के लिए लाने के लिए 218 हस्ताक्षरों की जरूरत होती है।
इस मुहिम में 214 डेमोक्रेट सांसदों के अलावा चार रिपब्लिकन सांसदों ने भी समर्थन दिया है। इनमें थॉमस मैसी, नैन्सी मेस, राल्फ नॉर्मन और ब्रायन फिट्जपैट्रिक शामिल हैं।
इस नए विधेयक का नाम Epstein Files Transparency Act II है। इसके तहत यदि अमेरिकी न्याय विभाग (DOJ) एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों को गैरकानूनी तरीके से रोकता है या उनमें जरूरत से ज्यादा जानकारी छिपाता है, तो पीड़ित, अमेरिकी सांसद और राज्यों के अटॉर्नी जनरल न्याय विभाग के खिलाफ मुकदमा कर सकेंगे।
थॉमस मैसी का आरोप है कि न्याय विभाग कानून के तहत जारी किए जाने वाले लाखों दस्तावेजों को अब भी रोक रहा है और पहले जारी किए गए दस्तावेजों में भी जरूरत से ज्यादा जानकारी छिपाई गई है।
218 हस्ताक्षर पूरे होने के बाद अब इस प्रस्ताव को सदन में मतदान के लिए लाने का रास्ता खुल गया है। प्रक्रिया के तहत इसे सात विधायी दिनों तक कैलेंडर पर रहना होगा। इसके बाद मतदान दिसंबर की शुरुआत में होने की संभावना है।
इसी बीच 10 नवंबर को अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की ओवरसाइट कमेटी ने एपस्टीन और उसकी सहयोगी घिसलेन मैक्सवेल की आपराधिक जांच में सरकारी नाकामियों को लेकर 137 पन्नों की एक रिपोर्ट जारी की है। रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिकी सरकार दशकों तक एपस्टीन को उसके अपराधों के लिए जवाबदेह ठहराने में नाकाम रही। कमेटी की 15 महीने चली जांच में 19 प्रमुख गवाहों के इंटरव्यू और वित्तीय रिकॉर्ड की समीक्षा की गई।
What's Your Reaction?
