मऊ में मंत्री ने सैनिकों को किया नमन, सफाई मित्रों के साथ किया सहभोज - और कहा राष्ट्र सेवा में दोनों का योगदान अतुलनीय

सेवा संकल्प अभियान के तहत मंत्री ए.के. शर्मा ने मऊ में सैनिकों का सम्मान किया और सफाई मित्रों संग सहभोज कर स्वच्छता कर्मियों के योगदान को अतुलनीय बताया।

Oct 1, 2026 - 11:45
 0  25
मऊ में मंत्री ने सैनिकों को किया नमन, सफाई मित्रों के साथ किया सहभोज - और कहा राष्ट्र सेवा में दोनों का योगदान अतुलनीय

लखनऊ/मऊ(हिन्द भास्कर ब्यूरो):- सेवा संकल्प अभियान के दौरान मंगलवार को अपने गृह जनपद मऊ पहुंचे नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने दो अलग-अलग कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और समाज के दो अहम स्तंभों को सम्मान दिया।

मंत्री शर्मा ने सबसे पहले कम्युनिटी हॉल में आयोजित सैनिक सम्मान समारोह में पहुंचकर पूर्व सैनिकों और सेवारत जवानों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सीमा पर तैनात हर जवान की वजह से ही देश का हर नागरिक चैन की नींद सो पाता है। सैनिकों का त्याग और बलिदान शब्दों में नहीं बताया जा सकता। उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञता जताना पूरे समाज का फर्ज है।

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा और सुशासन के मंत्र को लेकर ही सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। स्वच्छता आज सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि जन-आंदोलन बन चुका है, जिसकी सबसे बड़ी मिसाल यूपी में सीएम योगी के नेतृत्व में दिख रही है।

सफाई मित्रों के साथ बैठकर खाया खाना

सैनिक सम्मान के बाद मंत्री शर्मा सीधे सफाई मित्रों के बीच पहुंचे। उन्होंने जमीन पर बैठकर उनके साथ सहभोज किया और बारी-बारी से सभी से उनकी दिक्कतों और सुविधाओं के बारे में पूछा। उन्होंने कहा कि अगर सैनिक देश की सरहद संभालते हैं, तो सफाई मित्र हमारे शहरों की सेहत संभालते हैं।

दोनों ही कर्मयोगी हैं। नगरों को चमकाने में इनका पसीना लगा है। इस दौरान मंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सफाई मित्रों और उनके परिवार की हर जरूरत को प्राथमिकता पर पूरा किया जाए, इसमें कोई लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं होगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow