ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने किया झूलेलाल और मेहंदी घाट का निरीक्षण, छठ तैयारियों को लेकर दिए सख्त निर्देश
ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने लखनऊ के झूलेलाल और मेहंदी घाट का निरीक्षण किया, छठ महापर्व के लिए सफाई, प्रकाश और सुरक्षा व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- शनिवार को प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने राजधानी लखनऊ के झूलेलाल घाट और मेहंदी घाट का दौरा कर छठ महापर्व की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ महापौर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त गौरव कुमार भी मौजूद रहे। मंत्री ने घाटों पर चल रहे सफाई, लाइटिंग और अन्य कार्यों को बारीकी से देखा।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। घाट पर पेयजल, प्रकाश, चिकित्सा सुविधा और सुरक्षा के सभी इंतजाम समय से पूरे किए जाएं। झूलेलाल घाट पर लाइट व्यवस्था देखते हुए मंत्री शर्मा ने और भी अतिरिक्त लाइटें लगाने को कहा। उन्होंने कहा कि सिर्फ घाट ही नहीं, बल्कि आने-जाने वाले रास्तों, सीढ़ियों और आसपास के इलाकों में भी रोशनी की पूरी व्यवस्था रहे।
बिजली विभाग को निर्देश दिया कि सप्लाई बाधित न हो और बैकअप की व्यवस्था भी तैयार रखी जाए। इसके बाद वह मेहंदी घाट पहुंचे। यहां सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया और सफाई कर्मियों से बातचीत की। उन्होंने सफाई मित्रों के काम की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हीं की मेहनत से घाट साफ-सुथरे दिख रहे हैं। छठ पर्व को सफल बनाने में सफाई कर्मियों की भूमिका सबसे अहम है।
अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि घाटों पर साफ पानी, शौचालय, चेंजिंग रूम, हेल्प डेस्क और फर्स्ट एड की सुविधा रहे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग और ट्रैफिक प्लान पहले से तैयार रखा जाए। सभी विभाग एक साथ मिलकर काम करें। मंत्री शर्मा ने मीडिया से कहा कि छठ लोक आस्था का बड़ा पर्व है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार हर धार्मिक आयोजन को सुरक्षित और भव्य तरीके से कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
श्रद्धालुओं की सुविधा में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। महापौर सुषमा खर्कवाल ने भी कहा कि नगर निगम छठ को लेकर पूरी तैयारी में जुटा है। घाटों की सफाई, पानी और सुरक्षा के लिए टीमें लगाई गई हैं। कोशिश है कि व्रतियों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो। निरीक्षण के दौरान नगर निगम और अन्य विभागों के कई अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
