उत्तर प्रदेश बनेगा बायोएनर्जी का हब, 11 से 13 अगस्त तक ग्रेटर नोएडा में होगा अंतर्राष्ट्रीय बायोएनर्जी एवं टेक एक्सपो
उत्तर प्रदेश बनेगा बायोएनर्जी का हब, 11 से 13 अगस्त तक ग्रेटर नोएडा में होगा अंतर्राष्ट्रीय बायोएनर्जी एवं टेक एक्सपो
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- बुधवार को इन्वेस्ट यूपी सभागार, लखनऊ में उत्तर प्रदेश को बायोएनर्जी एवं स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में "इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो - IBET Expo 2026" की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय स्टेकहोल्डर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने की।
बैठक में आयोजन की रूपरेखा, निवेश संभावनाओं, उद्योग सहभागिता और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय पर विस्तृत चर्चा हुई। इसमें मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी, अपर मुख्य सचिव ऊर्जा आशीष गोयल, UPNEDA के निदेशक रविंद्र सिंह, सचिव पंकज सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग प्रतिनिधि और बायोएनर्जी क्षेत्र के विशेषज्ञ शामिल हुए।
मंत्री शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज ऊर्जा परिवर्तन, हरित विकास और निवेश का सबसे बड़ा केंद्र बनकर उभर रहा है। IBET Expo 2026 प्रदेश को बायोएनर्जी, ग्रीन हाइड्रोजन, CBG, एथेनॉल, बायोडीजल, सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल और वेस्ट-टू-एनर्जी जैसी हरित प्रौद्योगिकियों में वैश्विक पहचान दिलाएगा। उन्होंने कहा कि कृषि आधारित राज्य होने के कारण यूपी के पास कृषि अपशिष्ट का विशाल भंडार है।
लगभग 17 मिलियन टन कृषि अपशिष्ट में से अभी केवल 5 मिलियन टन का ही उपयोग हो रहा है। इसकी पूरी क्षमता का उपयोग कर प्रदेश ग्रीन एनर्जी उत्पादन में बड़ी वृद्धि कर सकता है। सरकार का लक्ष्य यूपी को राष्ट्रीय के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बायोएनर्जी में अग्रणी बनाना है। मंत्री ने सभी विभागों और उद्योग संगठनों से समन्वित प्रयास कर आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह एक्सपो निवेश, रोजगार सृजन और सतत विकास को नई गति देगा।
बैठक में जानकारी दी गई कि IBET Expo 2026 का आयोजन 11 से 13 अगस्त, 2026 तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में किया जाएगा। यह एक्सपो उत्तर प्रदेश सरकार और UPNEDA द्वारा IFGE के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। एक्सपो में 25 से अधिक सम्मेलन सत्र, 120 से अधिक राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय वक्ता, 150 से अधिक प्रदर्शक और हजारों प्रतिनिधियों की भागीदारी अपेक्षित है।
What's Your Reaction?
