अखिलेश के आजम खान वाले बयान पर केशव मौर्य का पलटवार - बोले, कोर्ट के फैसले को राजनीतिक उत्पीड़न बताना न्यायपालिका पर हमला
डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने अखिलेश यादव के आजम खान वाले बयान पर पलटवार किया, बोले-कोर्ट के फैसले को उत्पीड़न बताना न्यायपालिका पर हमला और मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति है।
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के आजम खान से मुलाकात और उनके 'राजनीतिक उत्पीड़न' वाले बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि न्यायालय के फैसलों को राजनीतिक उत्पीड़न का नाम देना देश की न्यायिक प्रक्रिया पर हमला है।
अखिलेश यादव का रामपुर जेल जाकर आजम खान के प्रति समर्थन जताना राजनीतिक परिस्थितियों से प्रेरित है और मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति के चलते उनकी विवशता है। हिन्द भास्कर से बात चित में केशव मौर्य ने कहा कि जब आजम खान को सपा और अखिलेश यादव की जरूरत थी, तब समाजवादी पार्टी की भूमिका पर सवाल उठते रहे हैं।
अब रामपुर और पश्चिमी यूपी में असदुद्दीन ओवैसी सहित अन्य राजनीतिक ताकतों की सक्रियता के बीच अखिलेश की यह पहल उनके परंपरागत वोटबैंक को लेकर बढ़ती चुनौती से जुड़ी है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव सार्वजनिक मंचों से संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की बात करते हैं, लेकिन जब फैसले उनके राजनीतिक सहयोगियों के खिलाफ आते हैं तो वे पारिवारिक संबंधों की दुहाई देने लगते हैं।
लोकतंत्र में किसी भी व्यक्ति को कानून से ऊपर नहीं माना जा सकता। कानून का शासन, न्यायपालिका की स्वतंत्रता और संविधान की गरिमा लोकतंत्र के मूल आधार हैं।
What's Your Reaction?
