गोरखपुर: मंडलायुक्त ने की मतदाता सूची की समीक्षा, बोले- कोई भी पात्र मतदाता मताधिकार से वंचित न रहे
गोरखपुर में मंडलायुक्त इन्द्र विक्रम सिंह ने निर्वाचक नामावली की समीक्षा की। BLO घर-घर सत्यापन करेंगे, नए मतदाताओं का फॉर्म-6 से होगा पंजीकरण।
गोरखपुर, 25 नवंबर।
मंडलायुक्त इन्द्र विक्रम सिंह ने जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा के साथ जिलाधिकारी सभागार में रोल प्रेक्षक के रूप में निर्वाचक नामावली से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इन बिंदुओं पर हुई समीक्षा
बैठक में विधानसभावार मतदेय स्थलों की स्थिति, BLO एवं सुपरवाइजर द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। इसके साथ ही विधानसभावार मतदाताओं की संख्या, जेंडर रेशियो, ईपी रेशियो, एज कोहोर्ट, दिव्यांग (PWD) मतदाता एवं सर्विस मतदाताओं के आंकड़ों पर चर्चा हुई। NGSP के तहत प्राप्त शिकायतों और 'बुक ए कॉल' से संबंधित प्रकरणों की भी जानकारी ली गई।
मंडलायुक्त के निर्देश
मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि BLO घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी से करें। जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक सूची में नहीं है, उनका नियमानुसार पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। मतदाता सूची में मृतक, स्थानांतरित एवं डुप्लीकेट मतदाताओं के नामों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
कम जेंडर रेशियो वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर महिला मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
युवा मतदाताओं पर विशेष फोकस
कॉलेज एवं टेक्निकल यूनिवर्सिटी में पढ़ रहे जो छात्र-छात्राएं 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, उनका अभियान चलाकर ECI पोर्टल पर ऑनलाइन फॉर्म-6 भरवाने के निर्देश दिए गए। दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं के पंजीकरण और उनकी सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।
मंडलायुक्त ने कहा
"निर्वाचक नामावली लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।"
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपेक्षा की गई कि वे प्रत्येक मतदान बूथ पर अपने BLA की तैनाती कराते हुए अधिक से अधिक मतदाताओं का पंजीकरण कराने में सहयोग करें।
ECI बैठक की तैयारी
इसके बाद मंडलायुक्त ने DIG डॉ. एस. चन्नप्पा के साथ मंडल के जिलाधिकारियों एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से 26 नवंबर को भारत निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के साथ होने वाली बैठक की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आयोग की बैठक में प्रस्तुत की जाने वाली सूचनाएं स्पष्ट एवं प्रामाणिक होनी चाहिए। संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
What's Your Reaction?
