नवागत खंड शिक्षा अधिकारी हरि गोविन्द सिंह का राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने किया स्वागत
गोरखपुर के विकासखंड पाली के ब्लॉक संसाधन केंद्र पर नवागत खंड शिक्षा अधिकारी हरि गोविन्द सिंह का राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी बनाने तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध रहने का आश्वासन दिया।
पाली, गोरखपुर।
विकासखंड पाली के ब्लॉक संसाधन केंद्र पर नवागत खंड शिक्षा अधिकारी हरि गोविन्द सिंह का राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ पाली के पदाधिकारियों एवं शिक्षकों द्वारा गर्मजोशी के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर महासंघ के पदाधिकारियों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विकासखंड में शैक्षिक उन्नयन, शिक्षा व्यवस्था के विकास तथा शिक्षक हितों के संरक्षण एवं शिक्षकों को आवश्यक सहयोग प्रदान करने की अपेक्षा व्यक्त की।
स्वागत के क्रम में शिक्षकों ने कहा कि आपसी समन्वय, सकारात्मक संवाद एवं सहयोगात्मक वातावरण से ही विकासखंड की शैक्षिक व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने नवागत खंड शिक्षा अधिकारी को पूर्ण सहयोग का आश्वासन भी दिया।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी हरि गोविन्द सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि विकासखंड में शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी बनाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि विद्यार्थियों के हितों की रक्षा करना, उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना तथा उनके उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।
उन्होंने शिक्षकों से पूरी निष्ठा, समर्पण एवं आपसी समन्वय के साथ शैक्षिक दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम में ब्लॉक के वरिष्ठ शिक्षक मार्कंडेश्वर नाथ चौबे, मनीराम यादव, राजेश सिंह, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के ब्लॉक अध्यक्ष अविनाश त्रिपाठी, ब्लॉक मंत्री कृष्ण गोपाल, कपिल देव, देवब्रत, डॉ. नवीन कुमार मिश्रा, रजनीश राव, ब्लॉक नोडल शिवाकांत त्रिपाठी, एआरपी प्रशांत पाठक, अभिनय मद्धेशिया, साबिर खान, अभय दीप धर दुबे, सर्वेश दुबे, रिजवान, रामप्रसाद एवं अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
