मेरठ बनेगा एडवांस्ड ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग का नया हब: ₹2,900 करोड़ से लगेगी बॉल कॉर्पोरेशन की विश्वस्तरीय कैन इकाई, सीएम योगी ने किया शिलान्यास

मेरठ में बॉल कॉर्पोरेशन की ₹2,900 करोड़ की एल्युमिनियम बेवरेज कैन इकाई का शिलान्यास। सीएम योगी ने कहा - UP में 14,000 से बढ़कर 35,000 से ज्यादा फैक्ट्रियां, ₹15 लाख करोड़ का निवेश धरातल पर उतरा।

Nov 26, 2026 - 00:12
 0  0
मेरठ बनेगा एडवांस्ड ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग का नया हब: ₹2,900 करोड़ से लगेगी बॉल कॉर्पोरेशन की विश्वस्तरीय कैन इकाई, सीएम योगी ने किया शिलान्यास

लखनऊ/मेरठ। उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्रांति में बुधवार को एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ के इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर में वैश्विक दिग्गज 'बॉल कॉर्पोरेशन' की नई मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी का शिलान्यास किया।

₹2,900 करोड़ से अधिक के निवेश से एल्युमिनियम बेवरेज कैन की यह विश्वस्तरीय इकाई स्थापित होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्लांट 'आत्मनिर्भर भारत-आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश' और 'विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश' की यात्रा में ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित होगा।

लगातार आ रहा वैश्विक निवेश

सीएम योगी ने कहा कि कुछ दिन पहले ही सीएनएच इंडस्ट्रियल के ₹1,200 करोड़ से अधिक के नए प्लांट का भूमिपूजन हुआ, दो दिन पूर्व ताइवान की क्रिएटिव सेंसर के साथ ₹1,100 करोड़ से अधिक के निवेश पर संवाद हुआ और आज मेरठ में बॉल कॉर्पोरेशन का शिलान्यास हो रहा है। यह उत्तर प्रदेश के प्रति बढ़ते वैश्विक विश्वास का जीवंत प्रमाण है।

मेरठ को मिलेगा एंकर यूनिट का लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के लिए 'एंकर यूनिट' के रूप में कार्य करेगी, जिससे हजारों युवाओं को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। स्थानीय एमएसएमई, पैकेजिंग सप्लायर्स, लॉजिस्टिक्स, ट्रांसपोर्ट और रीसाइक्लिंग पार्टनर्स के लिए भी व्यापार के नए द्वार खुलेंगे।

ओडीओपी स्पोर्ट्स गुड्स के लिए विश्व प्रसिद्ध मेरठ में मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का निर्माण भी हो रहा है। अब स्पोर्ट्स व पारंपरिक उद्योगों के साथ-साथ मेरठ एडवांस्ड ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग का भी प्रमुख केंद्र बन रहा है।

मेरठ की कनेक्टिविटी बनी ताकत

बॉल कॉर्पोरेशन द्वारा मेरठ के चयन को दूरदर्शी निर्णय बताते हुए सीएम ने कहा कि नमो भारत रैपिड रेल, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे, दिल्ली-एनसीआर व 25,000 हेक्टेयर के यीडा क्षेत्र, जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की निकटता तथा ईस्टर्न व वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की पहुंच मेरठ को वर्ल्ड-क्लास मल्टी-मोडल कनेक्टिविटी दे रही है।

उन्होंने कहा कि भारत में सॉफ्ट ड्रिंक्स, जूस, एनर्जी ड्रिंक्स और रेडी-टू-ड्रिंक बेवरेज का बाजार तेजी से बढ़ रहा है, इसलिए मेरठ की यह लोकेशन बॉल कॉर्पोरेशन को पूरे भारत व वैश्विक बाजार में विस्तार का सुनहरा अवसर देगी।

साढ़े नौ वर्षों में यूपी की लंबी छलांग

मुख्यमंत्री ने बताया कि 2017 के बाद यूपी का बजट, जीएसडीपी, प्रति व्यक्ति आय और महिला श्रम बल भागीदारी तीन गुना हो चुकी है। आज यूपी देश का अग्रणी रेवेन्यू सरप्लस स्टेट है, जो ₹2 लाख करोड़ से अधिक के वार्षिक कैपेक्स के साथ देश का सर्वाधिक कैपेक्स वाला राज्य है और बॉटम फाइव से निकलकर टॉप-3 इकोनॉमी में शामिल हो चुका है।

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद 70 वर्षों में यूपी में कुल 14,000 फैक्ट्रियां ही लगी थीं। लेकिन साढ़े नौ वर्षों में 21,000 से अधिक नई फैक्ट्रियां स्थापित हुईं, जिससे आज प्रदेश 35,000 से अधिक फैक्ट्रियों के साथ देश का इंडस्ट्रियल पावरहाउस बन चुका है।

मोबाइल-इलेक्ट्रॉनिक्स में देश का सिरमौर

सीएम ने बताया कि आज देश की 55 प्रतिशत मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग और 60 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट्स का उत्पादन उत्तर प्रदेश में हो रहा है। डाटा सेंटर, इलेक्ट्रिक व्हीकल और सेमीकंडक्टर जैसे इमर्जिंग सेक्टर्स प्रदेश की औद्योगिक शक्ति को नई ऊंचाई दे रहे हैं।

बीते साढ़े नौ वर्षों में यूपी को ₹50 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनमें से ₹15 लाख करोड़ से अधिक धरातल पर उतर चुके हैं और आगामी इन्वेस्टर्स समिट में ₹7 लाख 50 हजार करोड़ की ग्राउंड ब्रेकिंग होने जा रही है। आज 1 करोड़ एमएसएमई इकाइयां और 25,000 से अधिक स्टार्टअप्स प्रदेश की रीढ़ हैं।

सीएम ने किया आग्रह

कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री ने बॉल कॉर्पोरेशन से आग्रह किया कि वे स्थानीय एमएसएमई से सोर्सिंग बढ़ाएं, इंडस्ट्री-रेडी वर्कफोर्स के लिए स्किल डेवलपमेंट में सहयोग करें और सस्टेनेबल मैन्युफैक्चरिंग को नई ऊंचाई दें। उन्होंने आश्वस्त किया कि यूपी सरकार पूरे प्रोजेक्ट लाइफ साइकिल में विश्वसनीय पार्टनर की तरह साथ खड़ी रहेगी।

इस अवसर पर बॉल कॉर्पोरेशन के सीएफओ (ईएमईए) फिल हॉकेन, डायरेक्टर अजीत शर्मा सहित शासन स्तर के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Keshav Shukla साहित्यकार, उद्घोषक, पत्रकार