योगी सरकार का कुपोषण पर वार: देवीपाटन में शुरू हुई 'परंपरा से पोषण' पहल, 10,842 बच्चों को मिलेगी विशेष पोषण किट
देवीपाटन मंडल ने कुपोषण के खिलाफ 'परंपरा से पोषण' अभियान शुरू किया। गोण्डा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती में 10,842 बच्चों को पोषण किट मिलेगी। सीएसआर से खर्च होंगे 55 लाख रुपये।
लखनऊ। योगी सरकार प्रदेश में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और कुपोषण के खिलाफ लड़ाई को प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में देवीपाटन मंडल ने एक अनूठी पहल करते हुए कुपोषण से लड़ाई को स्थानीय परंपराओं और आधुनिक पोषण व्यवस्था से जोड़ने का अभिनव प्रयास किया है।
देवीपाटन मंडलायुक्त द्वारा 'परंपरा से पोषण' नाम से शुरू पहल के तहत पारंपरिक खानपान, आयु के अनुसार पोषाहार और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी सामग्रियों को एक विशेष पोषण किट में शामिल किया गया है। इस तरह की अनूठी पहल करने वाला देवीपाटन प्रदेश का पहला मंडल बना है।
10,842 बच्चों को मिलेगा लाभ
मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप देवीपाटन मंडल में यह पहल शुरू की गई है।
गोण्डा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती जिलों में अभियान को लागू किया जा रहा है। इसके तहत 1 से 6 वर्ष तक के 10,842 पंजीकृत गंभीर तीव्र कुपोषित और मध्यम तीव्र कुपोषित बच्चों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस पहल के लिए सीएसआर फंड से करीब 55 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। प्रत्येक पोषण किट पर 500 रुपये का सीएसआर सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।
'परंपरा की रसोई' बनी हथियार
'परंपरा से पोषण' पहल की सबसे खास बात यह है कि इसमें भारतीय पारंपरिक रसोई के ज्ञान को आधुनिक पोषण जरूरतों के साथ जोड़ा गया है। अभियान की मूल भावना 'अन्नं ब्रह्म' पर आधारित है।
पोषण किट में लोहे की कढ़ाई, सत्तू और गुड़ जैसी पारंपरिक खाद्य सामग्रियों को शामिल किया गया है। लोहे की कढ़ाई में भोजन पकाने से खाने में आयरन की मात्रा बढ़ाने में मदद मिलती है। ऐसे में पारंपरिक रसोई के इस ज्ञान को एनीमिया और पोषण संबंधी समस्याओं से लड़ाई का हिस्सा बनाया गया है।
किट के तीन भाग
पोषण किट को तीन प्रमुख भागों में तैयार किया गया है:
1. पारंपरिक खाद्य सामग्री - लोहे की कढ़ाई, एक किलोग्राम सत्तू और एक किलोग्राम गुड़
2. आईसीडीएस से पोषाहार - आयु के अनुसार फोर्टिफाइड टेक होम राशन प्रीमिक्स
3. स्वास्थ्य विभाग से दवाएं - ओआरएस-जिंक, आयरन-फोलिक एसिड और विटामिन डी-3 की गोलियां
गर्भवती और धात्री महिलाओं के लिए सम्पूर्ण मातृ आहार के तहत आटा, बेसन और सोया बर्फी प्रीमिक्स तथा दलिया-मूंग दाल खिचड़ी प्रीमिक्स दिया जा रहा है।
वहीं 6 से 12 माह के शिशुओं के लिए 'शिशु अमृत' और 'आरोग्य पोषण', 1 से 3 वर्ष के बच्चों के लिए 'शिशु आहार' और 'बाल संजीवनी' तथा 3 से 6 वर्ष के बच्चों के लिए 'बाल पुष्टाहार' और 'सक्षम पोषण' की व्यवस्था की गई है।
सत्यापन के बाद ही मिलेगा लाभ
अभियान में पारदर्शिता के लिए वितरण से पहले पांच चरणों की प्रक्रिया तय की गई है। सबसे पहले पोषण ट्रैकर पर पंजीकृत बच्चों का सत्यापन किया जा रहा है। राष्ट्रीय पोषण पुनर्वास केंद्र और स्वास्थ्य विभाग के अभिलेखों से उनका मिलान किया जा रहा है। इसके बाद जनपद मुख्यालयों पर प्रथम चरण में और फिर विकासखंड स्तर पर सत्यापित बच्चों को किट उपलब्ध कराई जाएगी।
What's Your Reaction?
