मंत्री ए.के. शर्मा ने 302 जोड़ों के सामूहिक विवाह में दिया आशीर्वाद, बोले- डबल इंजन सरकार में गरीब कल्याण सर्वोपरि

नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने मऊ में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 302 जोड़ों को आशीर्वाद दिया, कहा गरीब परिवारों के सम्मान की योजना है।

Nov 24, 2026 - 14:16
 0  12
मंत्री ए.के. शर्मा ने 302 जोड़ों के सामूहिक विवाह में दिया आशीर्वाद, बोले- डबल इंजन सरकार में गरीब कल्याण सर्वोपरि

मऊ(हिन्द भास्कर ब्यूरो):- सोमवार को प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा जनपद मऊ के दौरे के दौरान कोपागंज स्थित बापू इंटर कॉलेज में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में शामिल हुए। मंत्री ने वैवाहिक बंधन में बंधे 302 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उनके सुखी दांपत्य जीवन की कामना की।

वही मीडिया से बात करते हुए मंत्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार गरीब, पिछड़े और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना उसी सोच का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण कई परिवारों में बेटियों की शादी बोझ बन जाती है। ऐसी स्थिति में सरकार यह योजना सम्मान और गरिमा के साथ शादियां कराकर परिवारों को सहारा दे रही है। इससे समाज में समानता और समरसता भी बढ़ रही है। मंत्री शर्मा ने बताया कि इस समारोह में चार मुस्लिम जोड़ों का निकाह भी संपन्न हुआ, जो प्रदेश की गंगा-जमुनी तहजीब और भाईचारे की मिसाल है।

सरकार बिना भेदभाव के हर वर्ग के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना सिर्फ एक सरकारी कार्यक्रम नहीं है, बल्कि हजारों बेटियों के सपनों को पूरा करने का जरिया है। बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता है। अंत में उन्होंने सभी नवदंपतियों को आपसी प्रेम, विश्वास और सम्मान के साथ जीवन आगे बढ़ाने की सीख दी।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खड़िया, जिला अध्यक्ष रामाश्रय मौर्य समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow