मंत्री ए.के. शर्मा ने मऊ में जिला सहकारी बैंक की मधुबन शाखा का किया उद्घाटन, बोले- सहकारिता से होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत

मंत्री ए.के. शर्मा ने मऊ में जिला सहकारी बैंक की मधुबन शाखा का किया उद्घाटन, बोले- सहकारिता से होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत

Jul 20, 2026 - 20:34
 0  12
मंत्री ए.के. शर्मा ने मऊ में जिला सहकारी बैंक की मधुबन शाखा का किया उद्घाटन, बोले- सहकारिता से होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत

मऊ(हिन्द भास्कर):- रविवार को जिला सहकारी बैंक लिमिटेड, मऊ की मधुबन शाखा के नवीन भवन का उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सहकारिता केवल एक व्यवस्था नहीं, बल्कि किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

नवीन भवन के निर्माण पर क्षेत्रवासियों, बैंक प्रबंधन और सहकारी समिति के सदस्यों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि यदि पिछले 70 वर्षों में शासन करने वालों ने सहकारी बैंकों की चिंता की होती, तो ऐसे आधुनिक भवन बहुत पहले बन चुके होते। मंत्री शर्मा ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने सहकारिता क्षेत्र की लगातार उपेक्षा की।

जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में पहली बार सहकारिता मंत्रालय का गठन कर "सहकारिता से समृद्धि" का संकल्प दिया। इसी सोच के कारण आज सहकारी संस्थाओं के माध्यम से किसानों को कम ब्याज पर ऋण, गुणवत्तापूर्ण बीज, खाद और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने किसानों से सामूहिकता और सहयोग की भावना से काम करने का आह्वान किया।

इस दौरान मंत्री ने किसान क्रेडिट कार्ड भी वितरित किए। सहकारी घोसी चीनी मिल के संबंध में उन्होंने कहा कि सरकार तात्कालिक और दीर्घकालिक दोनों स्तरों पर कार्य कर रही है। आगामी पेराई सत्र को निर्बाध चलाने के लिए 5 से 6 करोड़ रुपये की व्यवस्था के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय से समन्वय कर घोसी चीनी मिल को अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित कर देश की अग्रणी मिलों में विकसित करने की योजना है।

कार्यक्रम के बाद मंत्री शर्मा ने बार्क में वैज्ञानिक पद पर चयनित होकर जनपद का नाम रोशन करने वाले युवा हिमांशु वर्मा के आवास पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की प्रतिभा ही विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी शक्ति है। इस मौके पर गिरिजा शंकर मौर्य, ब्लॉक प्रमुख शुभम सिंह, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष अखिलेश तिवारी, सहायक आयुक्त विजय प्रकाश वर्मा सहित बड़ी संख्या में किसान और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow