हाईटेंशन लाइन ने छीना माता-पिता का साया, दो मासूम अनाथ, बेटी जिंदगी से जंग लड़ रही

महराजगंज के कैमा गांव में 11 हजार वोल्ट लाइन की चपेट में आकर दंपति की मौत, बेटी गंभीर। दो मासूम अनाथ। सूचना पर पूर्व मंत्री सुशील टिबड़ेवाल ने पहुंचकर आर्थिक मदद दी और शिक्षा का भरोसा दिलाया।

Nov 24, 2026 - 12:14
 0  4
हाईटेंशन लाइन ने छीना माता-पिता का साया, दो मासूम अनाथ, बेटी जिंदगी से जंग लड़ रही

महराजगंज(हिन्द भास्कर ब्यूरो):- सिसवा विधानसभा क्षेत्र के कैमा गांव में छठ के बाद झालर उतारते समय हुए भीषण हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। 11 हजार वोल्ट की चपेट में आकर पति-पत्नी की मौत के बाद दो बेटे अनाथ हो गए हैं, जबकि 14 साल की बेटी गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में जिंदगी और मौत से जूझ रही है।

मासूमों की ये पीड़ा सुनकर हर आंख नम है। मामले की जानकारी मिलने पर यूपी सरकार के पूर्व मंत्री और सिसवा से सपा प्रत्याशी सुशील टिबड़ेवाल गुरुवार को कैमा गांव पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मिलकर बच्चों को ढांढस बंधाया। आप को बता दे कि बीते 16 नवंबर को कैमा निवासी रामाधार गौड़ (37) पुत्र केदार गौड़ अपनी पत्नी पुष्पा देवी (34) और बेटी गुड्डी (14) के साथ घर की छत पर छठ की झालर उतार रहे थे।

छत के ठीक ऊपर से गुजर रही 11 हजार की हाईटेंशन लाइन की चपेट में तीनों आ गए और बुरी तरह झुलस गए। मौके पर ही रामाधार और पुष्पा की मौत हो गई। गंभीर रूप से झुलसी गुड्डी को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हादसे के बाद 15 साल का टिंकू और 10 साल का पवन बेसहारा हो गए हैं। दादा केदार गौड़ के कंधों पर अब तीनों बच्चों की परवरिश का बोझ आ गया है।

पीड़ित परिवार से मिलते ही पूर्व मंत्री सुशील टिबड़ेवाल ने तत्काल आर्थिक सहायता दी और कहा कि इस दुख की घड़ी में इन बच्चों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई-लिखाई से लेकर सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तक का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने घरों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों पर सवाल उठाया। कहा कि विभाग की लापरवाही के कारण आए दिन ऐसी घटनाएं हो रही हैं।

सरकार को ऐसी खतरनाक लाइनों को तुरंत सुरक्षित करना चाहिए। पूर्व मंत्री के गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए और जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। उन्होंने ग्रामीणों की अन्य समस्याएं भी सुनीं।

इस दौरान सपा जिला उपाध्यक्ष राधेश्याम कुशवाहा, तैयब अंसारी, विजय तिवारी, प्रवीण कुमार सिंह, राकेश सिंह रिंकू, गुड्डू पांडेय, जिला पंचायत सदस्य राम आशीष यादव, हीरालाल ज़ख़्मी, विमलेश पटेल, अभिनंदन पांडेय, दिनेश यादव, गोपाल अग्रवाल, कृष्णा रौनियार, इंद्रजीत गुप्ता सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow