यूपी समेत पांच राज्यों में 15 जनवरी को चुनाव का एलान संभव, 24 फरवरी से 8 मार्च के बीच मतदान की तैयारी

यूपी, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में विधानसभा चुनाव तय समय पर होंगे। सूत्रों के अनुसार चुनाव का एलान 15 जनवरी के आसपास हो सकता है। मतदान 22 फरवरी के बाद शुरू होकर 8 मार्च तक पूरा कराने की तैयारी है। यूपी में 3 से 4 चरणों में चुनाव संभव।

Nov 23, 2026 - 14:01
 0  10
यूपी समेत पांच राज्यों में 15 जनवरी को चुनाव का एलान संभव, 24 फरवरी से 8 मार्च के बीच मतदान की तैयारी

नई दिल्ली, 23 नवंबर 2026।

 उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव फिलहाल तय समय पर ही होंगे। लेकिन चुनाव आयोग से जुड़े सूत्रों के अनुसार इस बार चुनाव के एलान की तारीख थोड़ी आगे बढ़ सकती है। एलान 15 जनवरी के आसपास होने की संभावना है।

सूत्रों के अनुसार इन राज्यों में मतदान की शुरुआत 22 फरवरी के बाद हो सकती है। उत्तर प्रदेश को छोड़कर बाकी चारों राज्यों में एक ही चरण में चुनाव कराने की तैयारी है, जबकि उत्तर प्रदेश में 3 से 4 चरणों में मतदान कराया जा सकता है। बता दें कि 2022 में इन पांचों राज्यों के चुनाव का एलान 8 जनवरी को हुआ था।

तैयारियों की रफ्तार धीमी

चुनाव आयोग ने चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं, लेकिन अभी उत्तर प्रदेश और गोवा में अधिकारियों का दौरा पूरा नहीं हो पाया है। इसके 15 दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयुक्तों का दौरा शुरू होगा, जिसमें करीब एक महीने का समय लगने का अनुमान है। परंपरा के अनुसार सभी राज्यों में आयोग का दौरा पूरा होने के बाद ही चुनाव का एलान होता है।

बोर्ड परीक्षा और माघ मेला भी ध्यान में

आयोग ने चुनाव कार्यक्रम पर भी काम शुरू कर दिया है। इसमें बोर्ड परीक्षाओं और प्रयागराज में लगने वाले माघ मेले को भी ध्यान में रखा जा रहा है। माघ मेला 14 जनवरी से 9 मार्च तक रहेगा, लेकिन कल्पवासी माघी पूर्णिमा यानी 20 फरवरी तक ही रहते हैं। वहीं यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 5 फरवरी से 24 फरवरी तक प्रस्तावित हैं।

कार्यकाल कब खत्म हो रहा

सूत्रों के अनुसार जिन पांच राज्यों में चुनाव होने हैं, उनमें मणिपुर विधानसभा का कार्यकाल सबसे पहले 13 मार्च 2027 को समाप्त हो रहा है। ऐसे में इससे पहले पांचों राज्यों में चुनाव प्रक्रिया पूरी करनी है।

- मणिपुर: 13 मार्च 2027 तक

- गोवा:14 मार्च 2027 तक

- पंजाब: 16 मार्च 2027 तक

- उत्तराखंड:28 मार्च 2027 तक

- उत्तर प्रदेश:22 मई 2027 तक

इसी को ध्यान में रखते हुए 24 फरवरी से 8 मार्च के बीच पांचों राज्यों में मतदान कराया जा सकता है।

नोट: यह संभावित कार्यक्रम है। चुनाव आयोग की आधिकारिक घोषणा के बाद ही अंतिम तारीखें तय होंगी।

डिस्क्लेमर 

यह खबर चुनाव आयोग से जुड़े सूत्रों और संभावित कार्यक्रम के आधार पर तैयार की गई है। चुनाव की तारीखों का आधिकारिक एलान अभी नहीं हुआ है। आधिकारिक घोषणा के बाद खबर को अपडेट किया जाएगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Keshav Shukla साहित्यकार, उद्घोषक, पत्रकार