गोरखपुर में SSR अभियान की समीक्षा, मंडलायुक्त और DIG ने तीन मतदान केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) अभियान की प्रगति जानने के लिए मंडलायुक्त इन्द्र विक्रम सिंह और DIG डॉ. एस. चन्नप्पा ने गोरखपुर के तीन मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान नए मतदाताओं को जोड़ने, फॉर्म-6, 7, 8 के निस्तारण और पारदर्शिता पर विशेष जोर दिया गया।

Nov 22, 2026 - 08:16
 0  17
गोरखपुर में SSR अभियान की समीक्षा, मंडलायुक्त और DIG ने तीन मतदान केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

मंडलायुक्त ने स्वयं भरा फॉर्म-6, थाईलैंड से लौटे युवक का भी हुआ नामांकन, 3 BLO अनुपस्थित मिलने पर स्पष्टीकरण के निर्देश

गोरखपुर, 21 नवंबर 26।

 भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) अभियान की प्रगति की समीक्षा के लिए मंडलायुक्त इन्द्र विक्रम सिंह एवं पुलिस उप महानिरीक्षक गोरखपुर परिक्षेत्र डॉ. एस. चन्नप्पा ने गोरखपुर जनपद के तीन मतदान केन्द्रों का संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मंगला माता मंदिर स्थित महाराणा प्रताप सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बेतियाहाता में मंडलायुक्त ने स्वयं फॉर्म-6 भरकर नाम जोड़ने हेतु पावती प्राप्त की। मौके पर थाईलैंड से वापस लौटे श्री रामअजोर पाण्डेय का भी BLO श्री अशवेन्दु गौतम ने फॉर्म-6 भरकर रिसीव किया। वहीं बूथ पर आए श्री इन्द्रजीत का वोटर लिस्ट में नाम गलत अंकित होने के कारण फॉर्म-8 भरवाया गया।

सेंट एंड्रयूज डिग्री कॉलेज में निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने विद्यार्थियों शिप्रा ओझा, समृद्धि श्रीवास्तव, हर्षित कृष्ण मिश्रा व अन्य से वार्ता कर मतदान के महत्व के बारे में बताया और SSR अभियान की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 भरने हेतु प्रेरित किया और अपने मित्रों को भी जागरूक करने को कहा। मौके पर उपस्थित प्रधानाचार्या श्रीमती आर.एन. सैमुअल से आग्रह किया गया कि जनवरी 2027 में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं का अभियान चलाकर फॉर्म-6 भरवाया जाए।

इसके बाद महाराणा प्रताप पॉलिटेक्निक, गोरखनाथ में बनाए गए मतदेय स्थल पर BLO से अब तक प्राप्त फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 की जानकारी ली गई। जांच के समय 3 BLO संध्या सिंह, सरोज श्रीवास्तव एवं चन्द्रकला भारती अनुपस्थित पाई गईं। इस पर उप जिलाधिकारी, सदर को स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।

मंडलायुक्त ने निर्देशित किया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके नए युवा मतदाताओं और छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम सूची में अनिवार्य रूप से जोड़े जाएं। सभी दावों और आपत्तियों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी, सदर उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Keshav Shukla साहित्यकार, उद्घोषक, पत्रकार