संविधान दिवस पर विधि संकाय करेगा त्रिदिवसीय समारोह का आयोजन, न्यायमूर्ति लक्ष्मी कान्त शुक्ल देंगे 'संविधान की सर्वोच्चता' पर व्याख्यान
विश्वविद्यालय के विधि संकाय में संविधान दिवस पर 23, 25 और 26 नवंबर को त्रिदिवसीय समारोह होगा। 23 नवंबर को भाषण प्रतियोगिता, 25 नवंबर को पोस्टर-रंगोली प्रतियोगिता और मूट कोर्ट मंचन, 26 नवंबर को उद्देशिका की शपथ, प्रभात फेरी और आचार्य पी.आर. त्रिपाठी स्मृति व्याख्यान होगा, जिसमें इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति लक्ष्मी कान्त शुक्ल 'संविधान की सर्वोच्चता' विषय पर व्याख्यान देंगे।
प्रो. के.पी. सिंह दिलाएंगे संविधान के उद्देशिका की शपथ
- भाषण, पोस्टर एवं रंगोली प्रतियोगिता के साथ मूट कोर्ट मंचन
प्रभात फेरी एवं आचार्य पी.आर. त्रिपाठी स्मृति व्याख्यान का होगा आयोजन
गोरखपुर।
विधि संकाय संविधान दिवस पर त्रिदिवसीय समारोह का आयोजन करेगा। विधि विभाग के अध्यक्ष एवं अधिष्ठाता प्रो. चंद्रशेखर ने बताया कि विश्वविद्यालय की स्थापना के साथ ही विधि विभाग की नींव रखी गई थी। तब से यह विभाग विधि शिक्षा, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में विधि के योगदान के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित करता रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग के विद्यार्थी उत्तर प्रदेश और उसके सीमावर्ती प्रदेशों के लगभग हर न्यायालय में किसी न किसी रूप में सेवाएँ दे रहे हैं। प्रत्येक वर्ष नवंबर में संविधान दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की कड़ी में इस वर्ष भी संकाय त्रिदिवसीय समारोह आयोजित कर रहा है।
संकाय के पूर्व अध्यक्ष एवं अधिष्ठाता तथा बी.ए. एल-एल.बी. कार्यक्रम के समन्वयक प्रो. अहमद नसीम ने कहा कि विभाग संविधान दिवस का महत्व विद्यार्थियों के माध्यम से समाज तक पहुँचाने का प्रयास करता है। इसी क्रम में हर वर्ष प्रभात फेरी निकाली जाती है, जो विश्वविद्यालय परिसर में उद्देशिका की शपथ से शुरू होकर परिसर के बाहर जाती है और लोगों को 26 नवंबर के महत्व तथा मूल अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करती है। विद्यार्थी संविधान से जुड़ी तख़्तियाँ और नारे लेकर चलते हैं।
कार्यक्रम-संयोजक डॉ. शिव पूजन सिंह ने रूपरेखा साझा करते हुए बताया:
23 नवंबर: भाषण प्रतियोगिता, विधि संकाय भवन में।
25 नवंबर: पोस्टर एवं रंगोली प्रतियोगिता विधि संकाय भवन में। दोपहर 12:30 बजे से दीक्षा भवन में मूट कोर्ट का मंचन, जिसके मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. के. पी. सिंह होंगे।
26 नवंबर: प्रातः 09:00 बजे कुलपति प्रो. के. पी. सिंह विद्यार्थियों को उद्देशिका की शपथ दिलाएँगे। इसके बाद विधिक जागरूकता के उद्देश्य से प्रभात फेरी निकलेगी। प्रभात फेरी दीक्षा भवन पहुँचेगी, जहाँ प्रातः 10:30 बजे "आचार्य पी. आर. त्रिपाठी स्मृति व्याख्यान" होगा। इसका विषय "संविधान की सर्वोच्चता" है।
स्मृति व्याख्यान के मुख्य अतिथि इलाहाबाद उच्च न्यायालय के माननीय न्यायमूर्ति श्री लक्ष्मी कान्त शुक्ल होंगे। अध्यक्षता कुलपति प्रो. के. पी. सिंह करेंगे। इन तीन दिनों की प्रतियोगिताओं के विजेताओं को इसी मंच से पुरस्कृत किया जाएगा।
डॉ. सिंह ने बताया कि विभाग के सभी छात्र-छात्राएँ उत्साह से भाग ले रहे हैं और प्रत्येक शिक्षक, विद्यार्थी एवं कर्मचारी कार्यक्रम की सफलता के लिए एकजुट होकर कार्य कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
