विहिप का हितचिंतक अभियान शुरू, 06 दिसंबर तक चलेगा अभियान, पूर्वी यूपी में 15 लाख से अधिक हितचिंतक बनाने का लक्ष्य
विश्व हिंदू परिषद का राष्ट्रव्यापी हितचिंतक अभियान 22 नवंबर से शुरू हो गया है, जो 06 दिसंबर तक चलेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र में 15 लाख से अधिक नए हितचिंतक बनाने का लक्ष्य रखा गया है। लखनऊ में अभियान का शुभारंभ क्षेत्र संगठन मंत्री गजेंद्र सिंह व प्रांत मंत्री देवेंद्र मिश्र ने किया।
राजधानी लखनऊ में क्षेत्र संगठन मंत्री गजेंद्र सिंह व प्रांत मंत्री देवेंद्र मिश्र ने किया शुभारंभ
पद्मश्री डॉ. अनिल रस्तोगी, राज्य सूचना आयुक्त पीएन द्विवेदी समेत कई प्रमुख लोगों को बनाया हितचिंतक
15 वर्ष से ऊपर के सभी देशवासी बन सकते हैं विहिप के हितचिंतक
लखनऊ।
विश्व हिंदू परिषद का राष्ट्रव्यापी हितचिंतक अभियान शुरू हो गया है। इस अभियान के तहत विहिप ने पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र में 15 लाख से अधिक नए हितचिंतक बनाने का लक्ष्य रखा है। राजधानी लखनऊ में अभियान का शुभारंभ विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्र संगठन मंत्री गजेंद्र सिंह व प्रांत मंत्री देवेंद्र मिश्र ने किया।
रविवार को क्षेत्र संगठन मंत्री गजेंद्र सिंह ने पद्मश्री डॉ. अनिल रस्तोगी, राज्य सूचना आयुक्त पीएन द्विवेदी, पूर्व राज्यमंत्री यशवंत सिंह, उदासीन अखाड़ा के महंत धर्मेंद्र दास महाराज, वरिष्ठ पत्रकार सर्वेश सिंह व डॉ. सत्येंद्र त्रिपाठी को विहिप का हितचिंतक बनाया।
पद्मश्री डॉ. अनिल रस्तोगी ने कहा कि हितचिंतक का काम समाज सेवा व रचनात्मक कार्यों को प्रोत्साहन देना है। यह काम 80 देशों में चल रहा है। हम भी हितचिंतक बने हैं, आप भी हितचिंतक बनकर समाज सेवा के कार्यों में योगदान करें।
विहिप के क्षेत्र संगठन मंत्री गजेंद्र सिंह ने बताया कि 22 नवंबर से 06 दिसंबर तक प्रदेशभर में हितचिंतक अभियान चलेगा। इस दौरान विहिप कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को संगठन से जोड़ेंगे। विहिप प्रत्येक तीन वर्ष पर हितचिंतक अभियान चलाता है। इस बार पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र का लक्ष्य 15 लाख से अधिक हितचिंतकों को जोड़ने का है। उन्होंने विहिप से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि 15 वर्ष से ऊपर के सभी देशवासी विहिप के हितचिंतक बन सकते हैं।
गजेंद्र सिंह ने विहिप कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि देश को बचाना है, हिंदू समाज को बचाना है, अपने आपको बचाना है तो विहिप के हितचिंतक बनकर संगठन के विस्तार तथा देश, समाज, धर्म की लड़ाई में सहयोग की अपेक्षा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में देश की स्थिति भयावह होने वाली है। इनके साथ संघर्ष भी निश्चित है। इसलिए हिंदू समाज को संगठित होना पड़ेगा तभी हम लव जिहाद, मतांतरण व जनसंख्या असंतुलन जैसी चुनौतियों से निपट सकते हैं।
What's Your Reaction?
