कारगिल विजय दिवस पर मंत्री ए.के. शर्मा और डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि, शहीद परिजनों का हुआ सम्मान
कारगिल विजय दिवस पर मंत्री ए.के. शर्मा और डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि, शहीद परिजनों का हुआ सम्मान
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- कारगिल शहीद स्मृति वाटिका में 27वें कारगिल विजय दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के साथ कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए कारगिल युद्ध में मातृभूमि की रक्षा के लिए प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान शहीदों के परिजनों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री शर्मा ने कहा कि कारगिल विजय दिवस देश के वीर सपूतों के अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कारगिल के सभी अमर शहीदों को नमन करते हुए उनके परिवारजनों तथा पूर्व सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आज देश के सामने आतंकवाद, राष्ट्रविरोधी तत्वों और भ्रामक सूचनाओं जैसी चुनौतियाँ भी हैं। सोशल मीडिया के दौर में नागरिकों को किसी भी सूचना की सत्यता परखकर ही उस पर विश्वास करना चाहिए और देश की एकता-अखंडता के विरुद्ध किसी दुष्प्रचार का हिस्सा नहीं बनना चाहिए।
मंत्री शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सैनिकों एवं शहीद परिवारों से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर तत्काल निस्तारण किया जाए, ताकि राष्ट्र के लिए सर्वस्व समर्पित करने वाले परिवारों को कोई असुविधा न हो। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कारगिल के वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को याद किया। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध के दौरान वाजपेयी स्वयं सीमा पर जाकर सैनिकों का मनोबल बढ़ाने गए थे।
उन्होंने लखनऊ के सभी सैनिक परिवारों को चिन्हित कर उनका सम्मान करने और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल, विधायक नीरज बोरा, रामचंद्र प्रधान,पवन सिंह चौहान, संतोष सिंह, नगर आयुक्त गौरव कुमार, शहीदों के परिजन, पूर्व सैनिक, सैनिक और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
