रामपुर जेल के गेट पर ही ED ने दबोचा, आजम खान की रिहाई से फिर गरमाई सियासत, अखिलेश बोले- वक्त बदलेगा तो तख्त भी बदलेगा
रामपुर जेल से रिहा होते ही आजम खान को ED ने हिरासत में लिया। जौहर यूनिवर्सिटी मनी लॉन्ड्रिंग केस में कार्रवाई। अखिलेश यादव ने कहा- वक्त बदलेगा तो तख्त बदलेगा।
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- रामपुर से बड़ी खबर है। सपा के बड़े नेता आजम खान शनिवार शाम जैसे ही जेल से बाहर आए, गेट पर पहले से खड़ी ED की टीम ने उन्हें हिरासत में ले लिया। पूरे दिन जेल के बाहर समर्थकों का जमावड़ा लगा था, नारेबाजी हो रही थी। बेटे अब्दुल्ला आजम भी साथ में रिहा हुए थे। दरअसल इलाहाबाद हाईकोर्ट से दो पैन कार्ड वाले मामले में सजा पर रोक लगी थी।
इसके बाद जेल प्रशासन ने बताया कि आजम खान के सभी मामलों में रिहाई का कागज आ चुका है। शाम होते-होते रिहाई की तैयारी पूरी हो गई। लेकिन इसी बीच ED की टीम गाजियाबाद से सीधे रामपुर जेल पहुंच गई। बताया जा रहा है कि ED का मामला जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़ा है। आरोप है कि ट्रस्ट के जरिए सरकारी पैसे से यूनिवर्सिटी खड़ी की गई।
इसी केस में कुछ दिन पहले ही ED ने यूनिवर्सिटी की प्रॉपर्टी भी अटैच की थी। जेल से निकलते ही आजम खान ने कहा - "क्या कहूं अब? मुसलमान होने की सजा मिल रही है। एक मुसलमान ने यूनिवर्सिटी बना दी, यही गुनाह हो गया। बच्चों के लिए स्कूल बना दिए तो गुनहगार बन गए।" वहीं अब्दुल्ला आजम ने भी दर्द बयां किया। बोले- मेरे जन्म का वीडियो तक है, अस्पताल के कागज हैं, फिर भी 7 साल की सजा झेलनी पड़ी।
अखिलेश यादव का हमला:
इस पूरे मामले पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने X पर पोस्ट कर सरकार को घेरा। उन्होंने लिखा- "आज के हुक्मरानों को याद रहे जब वक़्त बदल जाता है तो तख़्त बदल जाता है।
आदरणीय आज़म ख़ान साहब के साथ मुक़दमों की जो साज़िश की जा रही है, उसे पूरा देश ही नहीं पूरी दुनिया देख रही है। किसी उम्रदराज को इस तरह के बेमानी मुक़दमों में फँसाकर बार-बार जेल में डालना एक बेहद कायराना हरकत है।"
अखिलेश ने आगे लिखा कि आज की सत्ता जिस गलत रवायत को हवा दे रही है, हवा बदलने पर वो खुद उसकी शिकार होगी, तब भागते नहीं बनेगा। नाइंसाफी जब हद से गुजर जाती है तो जुल्म करने वाले के लिए ही कहर बन जाती है।
लखनऊ एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा से न्याय की उम्मीद नहीं की जा सकती।
अब क्या होगा?
सूत्रों के मुताबिक ED आजम खान को लेकर गाजियाबाद रवाना हो गई है। आज रविवार को उन्हें विशेष कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां ED रिमांड मांगेगी।
What's Your Reaction?
