एन. फ्रैंकलिन जयकुमार ने ग्रहण किया एनसीएल सीएमडी का पदभार
एन. फ्रैंकलिन जयकुमार ने मंगलवार को कोल इंडिया लिमिटेड की सिंगरौली स्थित अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) का कार्यभार ग्रहण किया।
सोनभद्र,(हिन्द भास्कर)
एक अनुभवी खनन पेशेवर के रूप में श्री जयकुमार को भारत तथा विदेश में भूमिगत तथा खुली मैकेनाइज्ड कोयला खदानों के साथ लिग्नाइट खनन और परिचालन का 34 वर्षों से अधिक का समृद्ध अनुभव है।
एनसीएल सीएमडी का कार्यभार ग्रहण करने से पूर्व वे कोल इंडिया लिमिटेड की अनुषंगी कंपनी साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) में निदेशक (तकनीकी/संचालन) के पद पर कार्यरत थे। बतौर निदेशक (तकनीकी) एसईसीएल, श्री जयकुमार ने खदानों के आधुनिकीकरण और मशीनीकरण को बढ़ावा देते हुए कोयले के उत्पादन, प्रेषण और अधिभार हटाव में कंपनी के रिकॉर्ड प्रदर्शन में महत्वपूर्ण योगदान दिया |
इस दौरान एसईसीएल में उन्होंने सोलर, ग्रीन मोबिलिटी, कोल गैसीफिकेशन और एनर्जी स्टोरेज जैसे दीर्घकालिक विकास पहलों का नेतृत्व भी किया। साथ ही उन्होंने कोयले की सैंपलिंग में टेक्नोलॉजी-आधारित ऑटोमेशन और पारदर्शिता को बढ़ावा दिया।
इससे पूर्व वे नेवेली लिग्नाइट कॉर्पोरेशन इंडिया लिमिटेड की तालाबीरा II&III खदानों में कार्यकारी निदेशक/कोयला समन्वयक तथा परियोजना प्रमुख सहित विभिन्न पदों पर सेवाएं दे चुके हैं।
कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, गिंडी, अन्ना विश्वविद्यालय, चेन्नई से खनन अभियांत्रिकी में स्नातक श्री जयकुमार ने केंद्रीय विश्वविद्यालय, हैदराबाद से पर्यावरण अभियांत्रिकी एवं प्रबंधन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा तथा अलगप्पा विश्वविद्यालय, तमिलनाडु से मानव संसाधन प्रबंधन में एमबीए किया है।
श्री जयकुमार ने सिंगरैनी कोलियरीज कंपनी लिमिटेड से अपने करियर की शुरुआत की और वहां मैकेनाइज्ड भूमिगत एवं खुली खदानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया। तत्पश्चात उन्होंने इंडोनेशिया में कोयला खनन परियोजना को अपना नेतृत्व दिया। इसके बाद वे नेवेली लिग्नाइट कॉर्पोरेशन (एनएलसी) इंडिया लिमिटेड से जुड़े, जहां उन्होंने कई परिचालन एवं तकनीकी दायित्व संभाले। एनएलसी इंडिया में उनके दायित्वों में लिग्नाइट-से-मेथनॉल जैसी महत्वाकांक्षी परियोजना का नेतृत्व भी शामिल था।
What's Your Reaction?
