पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल की नई पहल: बादशाहनगर स्टेशन पर शुरू हुई सांकेतिक भाषा ट्रेन सूचना प्रणाली
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल की नई पहल: बादशाहनगर स्टेशन पर शुरू हुई सांकेतिक भाषा ट्रेन सूचना प्रणाली
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- भारतीय रेलवे में पहली बार पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने बादशाह नगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 01 पर ‘सांकेतिक भाषा ट्रेन सूचना प्रणाली’ शुरू की है। मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर वैभव श्रीवास्तव के निर्देशन में सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग द्वारा विकसित यह AI-आधारित प्रणाली है।
इस प्रणाली के जरिए श्रवण बाधित यात्रियों को ट्रेनों की लाइव घोषणाएं, आगमन-प्रस्थान का समय और प्लेटफॉर्म की जानकारी सांकेतिक भाषा यानी साइन लैंग्वेज में आसानी से मिल सकेगी। मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने बताया कि, इस प्रणाली में रेलवे की मौजूदा घोषणाओं को स्वचालित रूप से सांकेतिक भाषा में रूपांतरित कर प्लेटफार्म पर लगी LED टीवी स्क्रीन्स पर प्रदर्शित किया जाएगा।
इससे श्रवण बाधित यात्री बिना किसी की सहायता के यात्रा संबंधी जरूरी जानकारी स्वयं प्राप्त कर सकेंगे। इस प्रणाली का सफल ट्रायल लखनऊ मंडल के सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग, नोएडा स्थित मूक-बधिर संस्था के अधिकारियों तथा चार प्रमाणित सांकेतिक भाषा इंटरप्रेटर्स की उपस्थिति में पूरा किया गया।
TECHTRON INFOTECH PVT- LTD- के सहयोग से विकसित यह सिस्टम दो माह के सफल ट्रायल के बाद भारतीय रेलवे में लखनऊ मंडल के बादशाह नगर स्टेशन पर लागू किया जा रहा है।
What's Your Reaction?
