उत्तर प्रदेश का परचम, पीएम स्वनिधि सम्मान अवार्ड-2026 में 8 राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित
उत्तर प्रदेश ने पीएम स्वनिधि सम्मान अवार्ड-2026 में 8 राष्ट्रीय पुरस्कार जीते। लखनऊ में मंत्री ए.के. शर्मा ने पीएम मोदी और सीएम योगी का आभार जताया, इसे टीमवर्क की जीत बताया।
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- उत्तर प्रदेश ने भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा नई दिल्ली में आयोजित पीएम स्वनिधि सम्मान अवार्ड-2026 समारोह में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पीएम स्वनिधि योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए प्रदेश को कुल 8 राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
इसमें राज्य स्तर पर तीन और नगर निकाय स्तर पर पांच पुरस्कार शामिल हैं। प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया। उन्होंने मीडिया से बताया कि प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच और मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम हो रहा है।
यह सम्मान स्ट्रीट वेंडर्स के भरोसे और नगरीय निकायों व सूडा की टीम की मेहनत का परिणाम है। मंत्री शर्मा ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना से छोटे कारोबारियों को आसान ऋण, डिजिटल लेन-देन और व्यवसाय बढ़ाने में मदद मिल रही है। सरकार का लक्ष्य है कि हर पात्र वेंडर तक योजना का लाभ पहुंचे और अधिक से अधिक लोग डिजिटल अर्थव्यवस्था से जुड़ें।
उन्होंने पुरस्कृत निकायों और अधिकारियों को बधाई भी दी। राष्ट्रीय समारोह में यूपी को 'स्वनिधि से समृद्धि' में प्रथम स्थान, जबकि 'ओवरऑल परफॉर्मेंस' और 'स्पेशल कैंपेन' में द्वितीय स्थान मिला। नगर निकाय स्तर पर अलीगढ़, गाजियाबाद, मेरठ, प्रयागराज और वाराणसी को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सूडा के निदेशक डॉ. राजागणपति आर. ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर से पुरस्कार ग्रहण किए।
What's Your Reaction?
