लापरवाह अधिकारियों पर मंत्री ने की बड़ी कार्रवाई

लापरवाह अधिकारियों पर मंत्री ने की बड़ी कार्रवाई

May 24, 2026 - 10:02
 0  15
लापरवाह अधिकारियों पर मंत्री ने की बड़ी कार्रवाई

लखनऊ(हिन्द भास्कर):- प्रदेश के नगर विकास और ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा के आदेश पर बिजली विभाग के उन अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई हुई है जो अपना काम ठीक से नहीं कर रहे थे। मंत्री ने साफ कहा है कि इस भीषण गर्मी में बिजली सप्लाई और जनता की सुविधाओं में किसी भी तरह की लापरवाही या लापरवाई बर्दाश्त नहीं होगी।

इसी क्रम में मेरठ में पदस्थ अधिशासी अभियंता योगेश कुमार को विभागीय कार्यों में लापरवाही बरतने के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। वहीं गाजियाबाद में पदस्थ अधिशासी अभियंता राहुल को भी अपने कर्तव्यों के प्रति गंभीर लापरवाही पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया।

जांच में यह पाया गया कि विद्युत वितरण खंड द्वितीय गाजियाबाद में तैनात अधिशासी अभियंता राहुल द्वारा विभागीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर शिथिलता बरती गई, जिसके चलते उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई।

इसके अतिरिक्त रामानंद अधीक्षण अभियंता गाजियाबाद को विभागीय कार्यों में रुचि न लेने एवं अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखाने के कारण विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि प्रदान की गई है। वहीं मुख्य अभियंता पारेषण पश्चिम मेरठ सत्येंद्र सिंह तथा मुख्य अभियंता आगरा शैलेश गुप्ता को भी कार्य में लापरवाही बरतने पर चेतावनी जारी की गई है।

मंत्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में बिजली व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मंत्री शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्युत आपूर्ति, शिकायत निस्तारण एवं फील्ड मॉनिटरिंग को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow